सरकारी संपत्ति को लावारिस समझ किया जा रहा कब्जा: शांता

Thursday, May 03, 2018 - 03:20 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद शांता कुमार ने कहा है कि कसौली में अतिक्रमण को हटाते हुए एक सरकारी अधिकारी पर गोली चलाने की घटना हिमाचल के इतिहास में पहली और दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे पूरे प्रदेश में भय का वातावरण बन गया है। उन्होंने सरकारी कर्तव्य को निभाते हुए शैलवाला के निधन पर उनके पूरे परिवार से सहानुभूति प्रकट की है। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल में और देश में भी इस प्रकार की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण बहुत अधिक हुए हैं। जब सर्वोच्च न्यायालय तक मामला पहुंचता है तो उस अतिक्रमण को तुरंत हटाने का आदेश होता है।


करोड़ों की संपत्ति नष्ट हो जाती है। इससे कुछ निर्दोष लोगों को भी बहुत अधिक हानि होती है। शांता ने कहा कि यह अति दुर्भाग्यपूर्ण है कि कई जगह सरकार की संपत्ति को लावारिस समझ कर लोग कब्जा कर लेते हैं। सबसे अधिक और पहले स्तर पर दोषी तो वह कर्मचारी-अधिकारी हैं जो आंखें बंद करते हैं, बिकते हैं और इस प्रकार का गैर-कानूनी काम करने देते हैं। सबसे पहले उन सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए। 

Ekta