रसोई गैस के दाम बढ़ाकर गरीबी को बढ़ावा दे रही सरकारः विप्लव

Friday, Sep 03, 2021 - 11:27 AM (IST)

नगरोटा सूरियां (नंदपुरी) : महंगाई और बेरोजगारी दूर करने के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन दोनों मुद्दों पर कोई योजना बनाने की बजाए सरकार फिजूलखर्ची कर जनता पर महंगाई और बेरोजगारी की मार थोप रही है। ग्रामीणों की बुनियादी जरूरत रसोई गैस के हर महीने दाम बढ़ा कर गरीबी को बढ़ावा दे रही है। जबकि अब आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के बहाने रथ यात्रा शुरू कर देश की जनता और और आर्थिक बोझ डालना चाहती है, जबकि जिन्होंने आजादी के लिए कुर्बानी दी उनका रथ यात्रा में जिक्र तक नहीं। यह बात पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि सितम्बर महीना शुरू होते ही गृहणियों को जबरदस्त झटका लगा है। रसोई गैस के दाम पहली सितम्बर से 25 रुपए और बढ़ा दिए हैं।

प्रदेश में अब रसोई गैस सिलैंडर 957 रुपए में मिलेगा। यदि पिछले आंकड़ों पर जाएं तो फरवरी से अभी तक 191 रुपए रसोई गैस के दाम बढ़ चुके हैं। फरवरी में सिलैंडर के दाम 766 रुपए था जो अगस्त में बढ़कर 932 रुपए हो गया। जबकि सितम्बर में गृहणियों को सिलैंडर के 957 रुपए दाम चुकाने पड़ेंगे। फरवरी में 14.2 किग्रा रसोई गैस सिलैंडर के दाम 766 रुपए थे। जबकि मार्च में बढ़कर 891 रुपए हो गया। अप्रैल में 10 रुपए घट कर 881 रुपए हो गया और इसके बाद लगातार दाम बढ़ते गए और जुलाई में 907 रुपए व अगस्त में बढ़कर 932 रुपए हो गया और अब पहली सितंबर से 25 रुपए और बढ़ गए हैं। अब 14.2 किग्रा बजन का रसोई गैस सिलैंडर 957 रुपए में मिलेगा। जनता हिमाचल में अब 2022 के विधानसभा चुनावों का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
 

Content Writer

prashant sharma