गरीबी हटाने की बजाय गरीबों को हटा रही सरकार : विप्लव ठाकुर

Tuesday, Feb 16, 2021 - 05:40 PM (IST)

नगरोटा सूरियां (नंदपुरी): पूर्व सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अनुशासन कमेटी की अध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश में गरीबी को हटाने की बजाय गरीबों को हटाने में लगी है। जनता में महंगाई और बेरोजगारी से त्राहि-त्राहि मची हुई है। बजट में मध्यम वर्ग की राहत के लिए कुछ भी नहीं दिया है। आम जनता पहले ही कोविड-19 के कारण आर्थिक तंगी से गुजर रही है। पैट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतें बढ़ा कर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।

रसोई गैस की कीमतें बढ़ने से गृहिणियों को चूल्हा-चौका चलाने में परेशानी पैदा हो रही है। सरकार का सबसिडी देने का पैमाना भी लगातार बदलता जा रहा है। पैट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने से हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में महंगाई को और बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त है और अगर कोई विरोध करता है तो उसे देशद्रोही करार देकर जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता 2024 के लोकसभा चुनावों का इंतजार कर रही है।

Content Writer

Vijay