विस चुनाव से पहले सरकार ने आर्शा वर्करों को दिया यह बड़ा तोहफा, पढ़ें खबर

Wednesday, Oct 11, 2017 - 10:02 PM (IST)

शिमला: सूबे की कांग्रेस सरकार चुनाव से पहले हर वर्ग को खुश करने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग में काम कर रही आशा वर्करों को भी सकरार ने बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने उनके मानदेय के अलावा प्रत्येक माह इन्हें 1 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि (इंसैंटिव) देने का ऐलान किया है। बता दें कि इसी साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले वोट बैंक पर सेंध लगाई है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने भी आशा वर्करों को मिलने वाले अतिरिक्त इंसैंटिव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। आशा वर्करों को बीते 1 अप्रैल, 2017 ही इंसैंटिव देने का फैसला लिया है। जाहिर है कि 6 माह का इंसैंटिव इन्हें अब एरियर के रूप में दिया जाएगा।

रंग लाई आशा वर्करों की मांग
उल्लेखनीय है कि आशा वर्कर स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रही हैं। आशा वर्कर सरकार की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। इसकी एवज में इन्हें कोई निश्चित मानदेय नहीं दिया जाता है बल्कि काम के आधार पर प्रत्येक माह भुगतान किया जाता है। कई मर्तबा अधिकतर आशा वर्कर मुश्किल से 3 से 4 हजार रुपए प्रतिमाह कमा पाती हैं, ऐसे में परिवार का भरण-पोषण कर पाना मुश्किल हो जाता है। आशा वर्कर लंबे समय से सरकार से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही थीं। इसे लेकर कई मर्तबा सीटू के बैनर के तले सचिवालय के बाहर भी प्रदर्शन किया गया। अब जाकर आशा वर्करों की मांग रंग लाई है।

प्रदेश में 7750 आशा वर्कर दे रही हैं सेवाएं 
प्रदेश में इस समय 7750 आशा वर्कर सेवाएं दे रही हैं, ऐसे में अब सभी आशा वर्करों को मानदेय के अलावा 1 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी। आशा वर्कर प्रदेश के हर गांव में जाकर लोगों को बीमारी के बारे में जागरूक व बच्चों को टीका लगाती हैं। प्रदेश में बच्चे को स्वस्थ रखने में यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी निभा रही हैं। प्रदेश सरकार ने भी इन्हें अब एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है।