लैफ्टआऊट PTA शिक्षकों को सरकार का तोहफा, जून से मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी

Friday, Sep 08, 2017 - 07:22 PM (IST)

शिमला: प्रदेश सरकार ने 1350 लैफ्टआऊट पी.टी.ए. शिक्षकों के वेतन को अनुबंध के समान लाया है। इस बढ़ौतरी से शिक्षकों के वेतन में लगभग 2,000 रुपए का इजाफा हुआ है। उक्त शिक्षकों को बढ़ा हुआ वेतन 1 जून, 2017 से मिलेगा। शुक्रवार को प्रधान सचिव शिक्षा ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। वहीं उनको अब छुट्टियों का वेतन भी दिया जाएगा और 1-1-2015 से एनुअल इन्क्रीमैंट का लाभ भी मिलेगा। इसके अलावा 2015 में अनुबंध पर लाए गए पी.टी.ए. शिक्षकों की तरह सरकार ने लैफ्टआऊट पी.टी.ए. शिक्षकों की वरिष्ठता भी 1-1-2015 से बरकरार रखी है। बता दें कि बीते 5 सितम्बर को कैबिनेट की बैठक में सरकार ने उक्त शिक्षकों के लिए ये घोषणाएं की थीं। 

अब यह होगा शिक्षकों का वेतन
वेतन में बढ़ौतरी के साथ लैफ्टआऊट पी.टी.ए. शिक्षकों में पी.जी.टी. का वेतन 17,650 रुपए, टी.जी.टी. व डी.पी.ई. का वेतन 16,600 रुपए, सी. एंड वी. शिक्षक का वेतन 15,900 व कालेज कैडर के प्राध्यापकों का वेतन 26,100 रुपए हो गया है। इस समय उक्त वर्ग के पी.जी.टी. को 14,910 रुपए, टी.जी.टी. को 14,130 रुपए, सी. एंड वी. को 13,590 रुपए व कालेज कैडर के प्राध्यापक ों को 19,440 रुपए वेतन मिल रहा है। 

गैप पीरियड के चलते छूट गए थे शिक्षक
बता दें कि वर्ष 2015 में नौकरी में गैप पीरियड होने के चलते 1350 पी.टी.ए. शिक्षक अनुबंध पर आने से छूट गए थे। इस दौरान सरकार ने करीब 5100 पी.टी.ए. शिक्षकों को अनुबंध पर लिया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट में पंकज कुमार बनाम स्टेट केस विचाराधीन होने के चलते ये शिक्षक अनुबंध पर आने से छूट गए। इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं। इसके चलते प्रदेश सरकार लेफ्टआऊट पी.टी.ए. शिक्षकों को अनुबंध पर नहीं ला पा रही है। चुनावी साल में सरकार ने बड़ा दांव खेलते हुए लेफ्टआऊट शिक्षकों को अनुबंध पर लाने के आड़े आ रहे नियमों के चलते वेतन बढ़ाने का फैसला लिया है।