नोटबंदी के बाद अब सरकार ने जनता को दिया एक और बड़ा झटका

Thursday, Dec 08, 2016 - 12:11 PM (IST)

शिमला: लोग अभी नोटबंदी से ही जूझ रहे थे कि सरकार ने जनता को एक और बड़ा झटका दे दिया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की इस घोषणा के बाद लोग सकते में हैं, जिसमें कहा गया है कि डिपुओं में नियमित आटे की सप्लाई न आने के कारण उनको हर महीने राशन में दिए जाने वाले आटे से वंचित रहना पड़ेगा। यदि यह सप्लाई ए.पी.एल. परिवारों को नहीं दी जाएगी तो इससे बी.पी.एल. के लोग भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाएंगे।


इसका कारण यह है कि जब नियमित सप्लाई ही आटे की नहीं हो पाएगी तो कैसे बी.पी.एल. परिवार के लोग भी आटे को प्राप्त कर पाएंगे। यदि उनको यह सप्लाई कर भी दिया गया तो इससे ए.पी.एल. परिवारों के सामने संकट खड़ा हो जाएगा। आटा राशन का वह महत्वपूर्ण खाद्य पदार्थ है, जिसके बगैर राशन की कल्पना तक लोग नहीं कर सकते। बहुत से लोग तो डिपुओं पर ही राशन के लिए निर्भर हैं। उनका मानना है कि प्रशासन के इस मनमाने रवैये से उनके सामने महीना गुजारने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार के इस फैसले का मुखर होकर विरोध करने की बात कही है।


उनका कहना है कि एक ओर तो सरकार की ओर से हर रोज घोषणाएं होती हैं कि डिपुओं में दिए जाने वाली चीजों का दायरा और बढ़ाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर प्रशासन उनको मूलभूत सुविधाएं देने तक में नकारा साबित हो रहा है। उधर, माकपा लोकल कमेटी के सचिव विजेंद्र मेहरा ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है। आरोप है कि पहले ही नोटबंदी के कारण आम जनता परेशान है तो वहीं ए.पी.एल. परिवारों की आटाबंदी से प्रदेश में लाखों लोगों को और परेशान किया जा रहा है।