भाजपा सरकार ने कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र की जनता से किया अन्याय

Sunday, Feb 06, 2022 - 11:13 AM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा) : विधायक पवन काजल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने धर्मशाला से पहले शीतकालीन राजधानी का दर्जा छिना और अब शीतकालीन प्रवास बंद कर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की जनता से अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने जिला कांगड़ा के विकास को गति देने के लिए धर्मशाला में शीतकालीन राजधानी बनाने साथ लगभग एक महीने का शीतकालीन प्रवास कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और ऊना जिला के विकास के लिए करने का फैसला लिया था। शीतकालीन प्रवास दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभाग अध्यक्षों के साथ हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर आम जनता की समस्याएं सुनने के साथ नई परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन कर विकास को नई दिशा देते रहे हैं। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार मात्र धर्मशाला सर्किट हाउस तक ही सीमित रह गई है। भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री मिनी सचिवालय में नहीं बैठते हैं और ना ही वहां पर कोई जनता की समस्याएं सुनने वाला है, जिसका जवाब जिला की जनता ने आने वाले विधानसभा चुनावों में देने का मन बना लिया है।

काजल शनिवार को आपका विधायक आपके घर द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत भडियाड़ा में ग्रामीणों साथ चर्चा करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार ने गग्गल में एक आई.टी. पार्क को मंजूरी प्रदान की है लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार अपने चार वर्ष के कार्यकाल में आई.टी. पार्क का निर्माण करवाने में फिसड्डी रही है। भडियाड़ा पंचायत में 10 लाख 75 हजार लीटर कैपेसिटी का ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 18 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन पेयजल योजना का कार्य 6 महीने भीतर पूरा कर लगभग एक दर्जन गांवों के बाशिंदों को 24 घंटे पीने के पानी की सुविधा मुहैया करवा दी जाएगी। काजल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर लगाम कसने में नाकाम रही है और अब निशुल्क बिजली देने के नाम पर भी जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने ही गांव के महिला मंडलों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी। इस मौके पर पंचायत प्रधान रविन्द्र, उप प्रधान मनोहर लाल सहित अन्य मौजूद रहे।
 

Content Writer

prashant sharma