हिमाचल में गुपचुप तबादले, सरकार ने बदल डाले आधा दर्जन DSP

Wednesday, Feb 14, 2018 - 01:59 AM (IST)

शिमला: हिमाचल में सामान्य तबादलों पर एक तरफ रोक लगी हुई है तो दूसरी तरफ गुपचुप तरीके से तबादले हो रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने आधा दर्जन के करीब डी.एस.पी. के तबादले किए हैं जबकि उनकी अधिसूचना को गृह विभाग की वैबसाइट पर सार्वजनिक नहीं किया गया है। इनमें से कुछ तबादले 2 से 3 दिन पूर्व किए गए हैं। सरकार द्वारा डी.एस.पी. बदलने को लेकर गुपचुप की गई अधिसूचना के बाद बदले गए कुछ डी.एस.पी. ने अगले ही दिन नई जगह पर कार्यभार भी संभाल लिया है। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सिक्योरिटी ऑफिसर प्रमोद शुक्ला को डी.एस.पी. हैडक्वार्टर शिमला लगाया है।

डी.एस.पी. हैडक्वार्टर दुष्यंत सरपाल को डी.एस.पी. राजगढ़ लगाया
 अधिसूचना जारी होने के बाद उन्होंने ने ज्वाइनिंग भी दे दी है। इसके साथ ही सरकार ने डी.एस.पी. हैडक्वार्टर दुष्यंत सरपाल को डी.एस.पी. राजगढ़ लगाया है। सरकार ने डी.एस.पी. दाड़लाघाट योगेश को स्टेट विजीलैंस, डी.एस.पी. सोलन विजीलैंस श्वेता ठाकुर को डी.एस.पी. सिक्सथ आई.आर.बी. कोलर, आई.जी. साऊथ रेंज से एच.पी.एस. अधिकारी अमित शर्मा को डी.एस.पी. दाड़लाघाट और डी.एस.पी. मीनाक्षी को भी सिक्सथ आई.आर.बी. कोलर में तैनाती दी गई है।

सरकार ने कैबिनेट बैठक में लगाई थी तबादलों पर रोक
सरकार ने बीते 3 फरवरी को धर्मशाला में आयोजित हुई कैबिनेट बैठक में तबादलों पर रोक लगाने का फैसला लिया था। इसी कड़ी में बीते सोमवार को सामान्य तबादलों पर रोक संबंधी अधिसूचना भी जारी की गई है। सूत्रों की मानें तो सरकार ने 50 से 55 के करीब पुलिस अधिकारियों के तबादलों की सूची तैयार कर रखी है।