HRTC कर्मचारियों पर दर्ज मामले को रद्द करे सरकार

Wednesday, Dec 05, 2018 - 02:06 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में मुलाकात की व उन्हें अपना ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि 18 जून, 2016 को 24 परिवहन कर्मचारियों पर नारेबाजी के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 143 व 188 में दर्ज की गई एफ.आई.आर. को तुरंत रद्द किया जाए। इन लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह शिकायत झूठी है तथा तत्कालीन परिवहन मंत्री के इशारे पर संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक ने इसे दर्ज करवाया था। शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि परिवहन कर्मचारियों का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया था लेकिन तत्कालीन परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों को डराने-धमकाने की मंशा से दबाव बनाकर यह शिकायत दर्ज करवाई। 

उन्होंने कहा कि सिर्फ बिलासपुर में ही यह एक मामला शेष रहा है। इस एफ.आई.आर. को रद्द करके कर्मचारियों को राहत दी जाए। संघ ने मुख्यमंत्री से यह भी मांग की कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में 10 अगस्त, 2018 को निलंबित कर दिए गए एच.आर.टी.सी. के एक मंडलीय प्रबंधक के खिलाफ तुरंत एफ.आई.आर. दर्ज करवाई जाए। हालांकि सरकार ने उक्त आरोपी अधिकारी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने के लिखित आदेश तो जारी किए लेकिन 4 माह बीत जाने के बाद भी यह एफ.आई.आर. दर्ज नहीं हो पाई है। इस प्रतिनिधिमंडल में राम कुमार शर्मा, प्रताप ठाकुर, सतीश नड्डा, पवन ठाकुर, हेम राज, चमन ठाकुर व जगत पाल शामिल रहे।

Ekta