सरकार ने मनीषा नंदा से वापस लिया एक और विभाग, जानने के लिए पढ़ें ये खबर

Monday, May 21, 2018 - 07:13 PM (IST)

शिमला: प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग के साथ राजस्व का अतिरिक्त जिम्मा देख रही मनीषा नंदा को अब हिमाचल प्रदेश प्रधान आवासीय आयुक्त नई दिल्ली के अतिरिक्त दायित्व से भी भारमुक्त कर दिया है। अब यह दायित्व अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन के साथ शहरी विकास का पदभार देख रहे राम सुभग सिंह को सौंपा है। इस तरह प्रदेश सरकार की सबसे करीब माने जाने वाली मनीषा नंदा को एक के बाद एक महत्वपूर्ण दायित्व से भारमुक्त किया जा रहा है। इससे पहले उनके पास मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना एवं जन संपर्क के अलावा हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष पद का दायित्व था।


9 आई.ए.एस. को मिला जूनियर एड्रमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड
सरकार ने वर्ष, 2008 के 9 आई.ए.एस. अधिकारियों को जूनियर एड्रमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड लेवल-12 का लाभ दिया है। इनमें जिलाधीश शिमला अमित कश्यप, एम.डी. सामान्य उद्योग कार्पोरेशन कैप्टन जे.एम. पठानिया, विशेष सचिव वित्त हंसराज, निदेशक उद्योग राजेश शर्मा, बंदोबस्त अधिकारी कांगड़ा डिविजन धर्मशाला राखिल काहलों, निदेशक आयुर्वेद संजीव भट्टनागर, सचिव एच.पी. पब्लिक सर्विस कमीशन संजीव पठानिया, निदेशक रोजगार हिमांशु शेखर चौधरी और निदेशक अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक व विशेष श्रेणी सशक्तिकरण निदेशालय डा. नरेश कुमार लट्ठ शामिल हैं। यह लाभ 1 जनवरी, 2017 से मिलेगा।

Vijay