चिंतपूर्णी में श्रद्धालु के हाथ से सोने का कड़ा चोरी, 2 संदिग्ध महिलाओं की तलाश में जुटी पुलिस

Sunday, Jun 23, 2019 - 04:55 PM (IST)

चिंतपूर्णी: शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मन्दिर में शनिवार को लुधियाना के एक श्रद्धालु का हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा जेबकतरों ने चुरा लिया। कड़ा चोरी होने की घटना गर्भ गृह के पास घटी है। मंदिर में लगे सी.सी.टी.वी. फुटेज कैमरे में दोनों महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसके बाद पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर दोनों महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी जगबीर ठाकुर ने की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लुधियाना शहर (पंजाब) से बुजुर्ग श्रद्धालु अशोक शर्मा अपने बेटे, पत्नी व बहू के साथ माता रानी के दरबार में माथा टेकने आए हुए थे। जब इनका परिवार गर्भ गृह के नजदीक माथा टेक रहा था तो अशोक शर्मा का किसी ने हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा काट डाला।

श्रद्धालु की शिकायत पर कार्रवाई में जुटी पुलिस

अशोक शर्मा को हाथ में कड़ा न होने का पता लगा तो उनका परिवार मन्दिर कार्यालय में गया और सोने के कड़ा चोरी होने के बारे में बताया। श्रद्धालु के कड़ा चोरी होने की सूचना चिंतपूर्णी पुलिस को दी गई, जिस पर एस.एच.ओ. जगबीर ठाकुर मन्दिर पहुंचे और श्रद्धालुओं को साथ लेकर सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली तो 2 महिलाएं संदिग्ध हरतकें करती पाई गईं। मन्दिर अधिकारी जीवन कुमार ने कहा कि ऐसा मामला सामने आया था, जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।

 

Vijay