ढोल-नगाड़ों की थाप पर माता भागा सिद्ध के मंदिर पहुंचे देवता (Watch Video)

Saturday, May 11, 2019 - 09:05 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): देवी-देवताओं की घाटी में एक और इतिहास लिखा जा रहा है। शनिवार को जब हर गली से देवी-देवताओं के रथों के निकलने का क्रम जारी हुआ तो हर कोई आपस में पूछताछ करता दिखा। ढोल-नगाड़ों की थाप और हारियानों के कंधों पर विराजमान देव रथों की झांकी से हरेक मोहित हो उठा। कुल्लू मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित माता भागा सिद्ध के मंदिर की प्रतिष्ठा हो रही है। इसमें जिलाभर के 15 देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा गया है। रविवार को होने वाले प्रतिष्ठा समारोह में देवताओं के पहुंचने का क्रम भी जारी हो गया है।

लगघाटी की आराध्य देवी हैं माता भागा सिद्ध

माता भागा सिद्ध लगघाटी की आराध्य देवी हैं और देवी का हारियान क्षेत्र भी काफी फैला हुआ है। भव्य मंदिर को बनाने में 5 साल का समय लगा है। नक्काशी की बात करें तो मंडी जिला के तहत आने वाले थाची क्षेत्र के कारीगरों ने इसमें विभिन्न देवी-देवताओं व पौराणिक देवताओं के चित्र अंकित किए हैं। रविवार को प्रतिष्ठा समारोह के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है।

5 साल में तैयार हुआ भव्य मंदिर

कुल्लू से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित माता भागा सिद्ध के मंदिर के पूर्ण तैयार होने में करीब 5 साल का समय लगा है। काष्ठकुणी शैली में निर्मित मंदिर की नक्काशी थाची के कारीगरों ने की है। मंदिर में बनाई हुई तस्वीरें खूबियों से किसी भी तरह से कम नहीं हैं। माता भागा सिद्ध के मंदिर जिला में अनेक स्थानों पर हैं। जिनमें डुगीलग, खलाड़ा, छुरला, टिकराबाबड़ी, छाकी व पीणी आदि प्रसिद्ध हैं।

ये देवता कर रहे हैं शिरकत

खलाड़ा स्थित माता भागा सिद्ध के मंदिर की प्रतिष्ठा समारोह में डुपकन गांव के देवता फलाणी नारायण, जिंदी गांव की माता फुंगणी, खनीपांद गांव के देवता खलाड़ी नारायण, माता शौजारी खनीपांध, भालठा गांव के भालठी नारायण, सूमा गांव की माता फुंगणी, ढालपुर का देवता वीर नाथ गौहरी, पीज के आराध्य देवता जमदग्नि ऋषि, नेउली के जुआणी महादेव, अलेउ मनाली के देवता सृष्टि नारायण, काईस गांव की माता दशमी वारदा, देवता ब्रिंडु व डुघीलग की माता भागा सिद्ध इसमें हाजिरी भर रहे हैं। इनमें से कई देवी-देवताओं के पहुंचने का क्रम भी शुरू हो गया है।

समस्याओं का निदान करती है माता

माता भागा सिद्ध के प्रति लोगों कीअपार श्रद्धा है। यहां हर रविवार को लोगों की भीड़ जमा होती है। माता उनकी समस्याओं को भांपते हुए उनका निदान भी करती हैं। अपनी समस्याओं के निदान के लिए यहां कुल्लू ही नहीं बल्कि हिमाचल सहित बाहरी राज्यों के श्रद्धालु भी अपनी दिक्कतों को लेकर आते हैं। माता के हारियान रवि ठाकुर, अनुपम, राजपाल व यशपाल इत्यादि का कहना है कि माता अपने हारियानों सहित अन्य लोगों की समस्याओं को भी दूर करती हैं। कई लोग अपनी परेशानियों के दूर होने के बाद हर रविवार को यहां नियमित तौर पर आते हैं। ऐसे में प्रतिष्ठा समारोह में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ौतरी होने के संकेत हैं।

हर रविवार को होती है पूछ

माता भागा सिद्ध मंदिर खलाड़ा के कारदार विनोद कुमार ने बताया कि माता भागा सिद्ध की आज्ञानुसार नवनिर्मित मंदिर बनकर तैयार हुआ है। इसमें 15 देवी-देवताओं को न्यौता भेजा गया है। रविवार से ही उनके पहुंचने का क्रम शुरू हुआ है। हर रविवार को यहां पूछ भी होती है जिसमें बाहरी राज्यों से भी लोग आते हैं। रविवार को यहां प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन है।

Vijay