देवता नाग धूमल ने ढालपुर मैदान में डाला डेरा, जिला प्रशासन सहित देव धुन बजाने वाले किए तलब

Sunday, Nov 24, 2019 - 10:31 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): देवता नाग धूमल रघुनाथपुर में जगती के बाद सीधे ढालपुर मैदान पहुंच गए। देव आदेश पर देव कारकूनों ने ढालपुर में रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर के पास ठहरने की व्यवस्था की। ढालपुर मैदान में देवता ने सोमवार सुबह देव धुन बजाने वालों और जिला प्रशासन को तलब किया है। बता दें कि देवता दशहरा उत्सव के समापन के बाद जब वापस देवालय लौटे थे तो देवालय से दोबारा कुल्लू पहुंच गए थे। देवता रघुनाथ जी के दरबार से सीधे पहले एसपी दफ्तर गए और उसके बाद डीसी कार्यालय पहुंचे।

ढालपुर मैदान में देवता के बैठने के स्थान पर जब देवता के साथ देव कारकून, अन्य लोग व अधिकारी पहुंचे तो वहां पर अस्थायी दुकानें पाई गईं। दुकानों में ऐसी चीजें बेची जा रही थीं जो देवता के स्थान पर नहीं बेची जानी चाहिए थीं। उस दौरान दुकानदारों ने गलती पर जुर्माना राशि की अदायगी कर देवता से माफी मांगी। उसके बाद अन्नकूट पर्व के मौके पर देवता नाग धूमल के आदेश पर जगती के आयोजन को लेकर कारदारों व अन्य देव कारकूनों ने रूपरेखा तैयार की।

रविवार को रघुनाथपुर में जगती के पश्चात देवता नाग धूमल ने वापस अपने देवालय लौटने से इंकार कर दिया। देवता ने ढालपुर मैदान में ठहरने की इच्छा जताई और फिर अठारह करड़ू री सौह के नाम से विख्यात ढालपुर मैदान का रुख किया। अब देवता का अस्थायी शिविर ढालपुर मैदान में तैयार कर दिया गया है। लाव-लश्कर के साथ ढालपुर में डटे देवता नाग धूमल की शाम की पूजा-अर्चना ढालपुर में ही हुई। सोमवार सुबह भी देवता की पूजा वहीं पर होगी और उसके बाद आगामी देव कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।

रघुनाथ जी के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह, रघुनाथ जी के कारदार दानवेंद्र सिंह, देवता नाग धूमल के कारदार जवाहर लाल व जिला देवी देवता कारदार संघ के पूर्व अध्यक्ष दोत राम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग रात को ढालपुर मैदान पहुंच चुके हैं। देवता के कारदार जवाहर लाल ने बताया कि सोमवार को देवता ने देवधुन बजाने वालों, प्रशासन सहित अन्य सभी लोगों को ढालपुर बुलाया है। उसके बाद ढालपुर में आगामी देव कार्रवाई शुरू होगी।

Vijay