कुल्लू दशहरा उत्सव में भाग लेने पहुंचे सैंकड़ों देवी-देवता, रघुनाथ के दरबार में भरी हाजिरी (Pics)

Tuesday, Oct 08, 2019 - 04:24 PM (IST)

कुल्लू: हिमाचल के अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में शामिल होने के लिए लाव-लश्कर के साथ सैंकड़ों देवी-देवता ढालपुर मैदान में पहुंच गए हैं। हालांकि कुछ देवता सोमवार देर शाम को कुल्लू पहुंचे। दशहरा उत्सव में शरीक हुए सैंकड़ों देवी-देवताओं ने रघुनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। मंगलवार सुबह से ही रघुनाथ की नगरी सुल्तानपुर में देवी-देवताओं के आने का सिलसिला जारी रहा। ढोल-नगाड़ों व नरसिंगों की स्वरलहरियों पर देवताओं से भगवान रघुनाथ से देवमिलन किया। इसके बाद देवता अपनी भव्य शोभायात्रा में अपने अस्थायी शिविरों की ओर चल पड़े।

साल भर के बाद भव्य देवमिलन का नजारा देखकर देशी व विदेशी पर्यटक हैरान रहे। रघुनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद देवताओं ने राज परिवार के लोगों को आशीर्वाद भी दिया। खराहल घाटी के आराध्य देवता बिजली महादेव ने हारियानों सहित सोमवार शाम को रघुनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। बिजली महादेव ने गूर के माध्यम से राज परिवार को दशहरे को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने का वचन दिया। देवता ने कहा कि दशहरे पर आने वाले हर संकट को महादेव टाल देंगे।

मंगलवार सुबह से देवता भगवान रघुनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए आते रहे। देव परंपरा के निर्वहन करने के लिए माता हिडिम्बा, देवता छमाहणी नारायण, माता पार्वती, माता भागासिद्ध, देवता खुडीजल, श्रृंगाऋषि, बालूनाग व ब्यास ऋषि, टकरासी नाग, चोतरू नाग, कोट पझारी, देवता चंभू, लक्ष्मी नारायण, मनु ऋषि आदि देवी-देवता ने भी रघुनाथ के दर पहुंचकर राज परिवार को शुभ आशीर्वाद दिया।

इससे पहले सुबह के समय भगवान रघुनाथ की विधिवत पूजा की गई। मंदिर में दिन भर देवी-देवताओं के आगमन से यहां का माहौल देवमयी हो गया। जिला देवी-देवता कारदार संघ के महासचिव नारायण सिंह चौहान ने कहा कि दशहरा देव संस्कृति, देवी-देवताओं की उपस्थिति से देश भर में अलग है। दशहरा के लिए संैकड़ों देवता ढालपुर मैदान पहुंच चुके हैं।

Vijay