गोबिंद सागर झील में तैरता मिला प्रवासी का शव

Sunday, Dec 04, 2016 - 06:39 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर शहर के साथ लगते बामटा व चांदपुर पंचायत को जोडऩे के लिए गोबिंद सागर झील पर बने पुल के नीचे रविवार सुबह एक प्रवासी का झील में शव तैरता हुआ बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे कुछ मछुआरे झील में लगाए अपने जालों से मछली निकालने का काम कर रहे थे। इस दौरान इन मछुआरों को झील के किनारे एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। मछुआरों ने तुरंत इसकी सूचना बामटा पंचायत के उपप्रधान विक्रम ठाकुर को फोन पर दी। 

सूचना मिलते ही पंचायत उपप्रधान विक्रम ठाकुर मौके पर आए तथा इस बारे में थाना सदर को सूचित किया। थाना सदर की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को मछुआरों की सहायता से झील से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पंचायत उपप्रधान विक्रम ठाकुर के मुताबिक यह शव काफी पुराना लगता है। उन्होंने बताया कि शक्ल से यह शव किसी नेपाली का लगता है जोकि झील में तैरता हुआ यहां पहुंचा है। 

एस.पी. बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल स्थित शव गृह में रख दिया है। अभी तक इस शव की पहचान नहीं हो पाई है। इस बारे अन्य जिलों की पुलिस को भी सूचना दे दी है तथा मामले की छानबीन कर रही है।