मनाली-रोहतांग मार्ग पर गिरा हिमखंड, ग्रामीणों में भय का माहौल

Monday, Mar 04, 2019 - 08:50 PM (IST)

मनाली: मनाली-रोहतांग मार्ग पर कोठी में हिमखंड गिरने से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। हिमखंड गिरने से कोठी मार्ग एक बार फिर अवरुद्ध हो गया है। इस बार मनाली के पर्यटन स्थलों में भारी बर्फबारी हुई है, जिस कारण जगह-जगह हिमखंड गिर रहे हैं। हालांकि आज जब कोठी गांव में हिमखंड गिरा तो कोई भी उधर से गुजर नहीं रहा था, जिस कारण कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है लेकिन मार्ग बंद होने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त हो गया है। बी.आर.ओ. ने हाल ही में मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पलचान से कोठी तक मार्ग बहाल किया था लेकिन हिमखंड आने से एक बार फिर कोठी गांव का मनाली से संपर्क कट गया है।

कोठी व सोलंग गांव में सबसे अधिक बर्फ गिरी

कोठी गांव में 4 से 5 फुट बर्फ  जमा हो चुकी है। मनाली की ऊझी घाटी के कोठी व सोलंग गांव में सबसे अधिक बर्फ  गिरी है। यहां घरों की छतों से बर्फ  गिरने के बाद बर्फ  ने एक मंजिल घर को ढक लिया है। लोगों के पानी के स्रोत भी बर्फ  में दब गए हैं। कोठी गांव के ग्रामीणों अशोक व देवराज ने बताया कि भारी बर्फबारी से हिमखंड गिर रहे हैं। ग्रामीणों ने बी.आर.ओ. से आग्रह किया कि हिमखंड गिरने से अवरुद्ध हुए कोठी मार्ग को बहाल किया जाए ताकि ग्रामीणों के घरों तक वाहन आ-जा सकें।

हालात को देखते हुए ही सफर करें लोग : एस.डी.एम.

एस.डी.एम. मनाली अश्विनी कुमार ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि मौसम के हालात को देखते हुए संभलकर ही सफर करें। उन्होंने बताया कि कोठी के पास हिमखंड गिरा है लेकिन कोई नुक्सान होने की सूचना नहीं है।

Vijay