लाहौल-स्पीति में हिमखंड गिरा, 3 मकान ध्वस्त

Saturday, Feb 16, 2019 - 09:20 PM (IST)

मनाली: लाहौल-स्पीति के चंद्र घाटी के थंगथंग में हिमखंड गिरने से 3 कच्चे मकान ध्वस्त हो गए हैं। गनीमत यह रही कि बर्फबारी के कारण इन मकानों में कोई रह नहीं रहा था अन्यथा जानमाल का भी नुक्सान हो सकता था। उधर, बर्फ के कारावास में कैद लाहौल-स्पीति से एक महिला सहित 2 बीमार लोगों को हैलीकॉप्टर से रैस्क्यू करके मनाली पहुंचाया गया, जहां से सड़क मार्ग द्वारा उन्हें कुल्लू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एस.डी.एम. उदयपुर सुभाष गौतम ने बताया कि थंगथंग में हिमखंड गिरने से 3 कच्चे मकान मलबे में दब गए हैं। इस घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं है।

2 निजी हैलीकॉप्टर हायर कर कुल्लू पहुंचाए बीमार लोग

एस.डी.एम. ने बताया कि गुशाल गांव में एक महिला व उदयपुर में एक पुरुष गंभीर बीमार थे, जिन्हें हैलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 2 निजी हैलीकॉप्टर को हायर करके इन बीमार लोगों को कुल्लू पहुंचाया है। सरकार ने लाहौल-स्पीति में हाई अलर्ट जारी कर रखा है। लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के साथ हिमखंडों ने तबाही मचाना शुरू कर दी है। जिला में अभी तक दर्जनों हिमखंड गिर चुके हैं, जिससे करोड़ों रुपए का नुक्सान हो चुका है। लोग भय में हैं और एक गांव से दूसरे गांव जाने के लिए कतरा रहे हैं। मौसम विभाग ने 21 फरवरी तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। ऊपरी हिमाचल में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर 3 दिन तक जारी रहा।

ऊपरी हिमाचल में रिकार्डतोड़ हिमपात

उधर, ऊपरी हिमाचल में फरवरी माह में रिकार्डतोड़ हिमपात हुआ है। पूरा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र बर्फ  में कैद हो चुका है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के चलते ब्लैकआऊट  है। पूरे क्षेत्र में लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए हैं। लाहौल में न तो बिजली है और न ही पानी। लोग बर्फ  पिघलाकर पेयजल का समाधान कर रहे हैं। सभी सड़कें बंद हैं और दूरसंचार सुविधाएं ठप्प पड़ी हैं।

Vijay