रात को परिवार के साथ सोई थी नाबालिग लड़की, सुबह उठकर देखा तो उड़े होश

Thursday, Aug 17, 2017 - 07:51 PM (IST)

नगरोटा बगवां : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के अन्र्तगत आते नगरोटा बगवां की पंचायत ठानपुरी में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की चोटी कटने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। घटना बीती रात उस समय घटित हुई बताई जा रही है जब 8वीं कक्षा की उक्त छात्रा परिजनों के साथ एक ही कमरे में सोई हुई थी। सुबह घटना का पता चलते ही परिवार ने नगरोटा बगवां पुलिस थाना में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही एस.एच.ओ. एन.डी. थिंड ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। 

तकिये के नीचे मिले कटे हुए बाल 
ए.एस.आई. अशोक कुमार ने बताया कि नीलम कुमारी पुत्री मनोज कुमार बहन और माता-पिता के साथ सोई हुई थी। सुबह उसने देखा तो उसकी 2 चोटियों में से बाईं तरफ की चोटी लगभग एक फुट तक कटी हुई थी। इस घटना से घर में परिवार का हर सदस्य हैरान था कि एक ही कमरे में सभी के इकट्ठे सोने के बावजूद यह सब कैसे हो गया। ढूंढने पर लड़की की चोटी के कटे हुए बाल बिस्तर पर तकिये के नीचे पाए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है। कटे हुए बाल लैब में भेजे जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाल किस चीज से काटे गए हैं।