घर जा रही युवती को कार में जबरदस्ती उठा ले गए युवक, मारपीट के साथ की छेड़छाड़

Thursday, Jun 13, 2019 - 07:40 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर शहर में गत बुधवार शाम अपने घर जा रही एक लड़की को गाड़ी में सवार 2 युवकों ने कथित तौर पर किडनैप कर लिया। लड़की के शोर मचाने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट करने के साथ ही छेडख़ानी भी की। शहर के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्र की सड़क पर ले जाने के बाद लड़कों ने वापस शहर आकर गाड़ी से धक्का देकर उसे उतार दिया। घर पहुंचकर लड़की ने परिजनों को आपबीती सुनाई तथा रात को अपने पिता के साथ सिटी चौकी पहुंची। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हमीरपुर से घर आ रही थी लड़की

लड़की ने पुलिस में दी शिकायत में बताया है कि वह गत बुधवार को हमीरपुर से घर आ रही थी। घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में शहर के एक निजी स्कूल के पास एक गाड़ी उसके पास आकर रुकी, जिसमें 2 लड़के सवार थे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, लड़कों ने दरवाजा खोलकर उसे जबरदस्ती खींचकर गाड़ी में बिठा लिया। मदद के लिए चिल्लाने पर लड़कों ने उसे न केवल पीटना शुरू कर दिया, बल्कि उसके साथ छेडख़ानी भी की। उन्होंने उसका मोबाइल फोन छीनकर उसकी बैटरी भी निकाल ली।

शहर में लाकर गाड़ी से दिया धक्का

लड़की के अनुसार उसे किडनैप करने के बाद दोनों लड़के गाड़ी को बिलासपुर से एक ग्रामीण क्षेत्र को जाने वाली सड़क पर ले गए। रास्ते में एक मंदिर के पास से गाड़ी मोड़ कर वे उसे दोबारा शहर में ले आए और धक्का देकर उसे गाड़ी से उतार दिया। गिरने की वजह से उसके कपड़े भी फट गए। लड़की ने उसे अगवा करने वालों के खिलाफ  कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं एस.एस.पी. अशोक कुमार ने बताया कि अपने पिता के साथ आई लड़की की शिकायत पर सदर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 365 व 354 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

Vijay