20 वर्षीय युवती ने उठाया खौफनाक कदम, मिट्टी का तेल छिड़क कर किया आत्मदाह

Wednesday, May 15, 2019 - 09:43 PM (IST)

नगरोटा बगवां: बुधवार प्रात: निकटवर्ती ग्राम पंचायत मस्सल में एक 20 वर्षीय युवती ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर इहलीला समाप्त कर ली। युवती की पहचान तनु पुत्री भगवान दास निवासी मस्सल के रूप में हुई है। युवती मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती बुधवार सुबह करीब 6 बजे उठकर अपने घर की ऊपरी मंजिल के बरामदे में चली गई और अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली, जिसे उसके चाचा ने देख लिया। चाचा ने शोर मचाया तो युवती के परिजन भी उठ गए और आनन-फानन में घर वालों व पड़ोस वालों ने इकट्ठे होकर लड़की पर कंबल फैंक कर आग बुझाई लेकिन तब तक युवती 100 प्रतिशत तक जल चुकी थी। युवती के परिजन उसे इलाज के लिए तुरन्त डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा ले गए, जहां पर पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2-3 महीने से परेशानी थी लड़की

स्थानीय पुलिस के ए.एस.आई. अशोक राणा अपनी टीम के साथ टांडा पहुंचे और मौके का जायजा भी लिया। पुलिस द्वारा प्रथम दृष्टि में 174 सी.आर.पी.सी. की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ए.एस.आई. अशोक राणा ने बताया कि मृतका के परिजनों ने बताया कि वह 2-3 महीने से मानसिक रूप से परेशान रह रही थी। मामले की पुष्टि करते हुए डी.एस.पी. कांगड़ा विनोद कुमार ने बताया कि टांडा मैडीकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है तथा पुलिस की छानबीन अभी तक जारी है।

Vijay