कीटनाशक दवाई छिड़कने के बाद घर आए व्यक्ति की मौत

Monday, Jul 01, 2019 - 09:12 PM (IST)

भराड़ी/घुमारवीं: बिलासपुर जिला के तहत आने वाले थाना भराड़ी के अंतर्गत आने वाले गांव रोपड़ी में कीटनाशक दवाई छिड़कने के बाद एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद (54) पुत्र सदाराम का कीटनाशक दवाई के छिड़काव के बाद देहांत हो गया। परिवार वालों के अनुसार प्रकाश चंद सुबह साढ़े 6 बजे से 9 बजे तक अपने खेतों में कीटनाशक दवाई का छिड़काव कर रहा था। खेतों में कीटनाशक दवाई का छिड़काव करने के बाद प्रकाश चंद घर वापस आया और नहाने के लिए स्नानागार में चला गया। जैसे ही प्रकाश चंद स्नानागार में गया अचानक से उसको उल्टियां आनी शुरू हो गईं व परिवार वालों को मदद के लिए बुलाने लगा जैसे ही परिवार वाले उसकी मदद के लिए दौड़े वह बेहोश होकर गिर गया। परिवार वाले उसे निजी वाहन में डाला और सिविल अस्पताल भराड़ी ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे घुमारवीं अस्पताल रैफर कर दिया। उसके परिवार वाले इलाज हेतु सिविल अस्पताल घुमारवीं ले आए। जहां पर उसे डाक्टर ने ब्रौड-डैड घोषित कर दिया।

प्रकाश चंद को खेतीबाड़ी से बहुत लगाव था

पुलिस भी मौके पर पहुंच कर जांच के लिए जुट गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक प्रकाश चंद्र सेना से सेवानिवृत्त होकर टी.जी.टी. आर्ट्स के रूप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जड्डू में सेवाएं दे रहा था। आजकल ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद घर के कार्यों में व्यस्त था। परिजनों का कहना है कि प्रकाश चंद को खेतीबाड़ी से बहुत लगाव था। प्रकाश चंद की पत्नी और 4 बेटियां और एक बेटा है। बेटियों की शादी हो गई है और बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। प्रकाश चंद की मौत से परिवार सदमे में है। लोगों का यह भी कहना है कि जब यह कीटनाशक दवाइयां जानलेवा हैं तो सरकार को इन दवाइयों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि की है।

Kuldeep