फेसबुक पर बंदूक के साथ फोटो अपलोड कर दी पुलिस को धमकी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Tuesday, Jan 30, 2018 - 09:06 PM (IST)

नाहन: शहर के एक युवक ने अपने फेसबुक अकाऊंट पर बंदूक के साथ फोटो डाल पुलिस को धमकी दे डाली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एस.एच.ओ. पुलिस थाना सदर नाहन विजय कुमार बताया कि कुछ समय पहले नाहन के हरिपुर निवासी अनूज शर्मा ने एक वीरा गौंडर नामक फेसबुक अकाऊंट से बंदूक के साथ फोटो अपलोड की, जिसके कैप्शन में  ‘हुण अस्सी लावांगे पुलिस वालों दे स्टार’ लिखा गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम जांच में जुट गई और जांच के बाद आरोपी अनुज शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एस.एच.ओ. ने बताया कि आरोपी द्वारा फेसबुक पर डाली गई पोस्ट से अंदेशा जताया जा रहा था कि आरोपी पुलिस को नुक्सान पहुंचा सकता है, जिसके चलते पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

कहीं विक्की गौंडर से तो नहीं जुड़ा है आरोपी 
हाल ही में पंजाब में पुलिस मुठभेड़ में विख्यात गैंगस्टर विक्की गौंडर की मौत हो गई थी। यहां जिस फेसबुक आई.डी. से आरोपी द्वारा बंदूक के साथ धमकी भरी फोटो डाली गई है उसका नाम भी वीरा गौंडर के नाम से है। दोनों के सरनेम मैच कर रहे हैं। इसके अलावा पंजाब में गैंगस्टर की मौत के बाद ही इस प्रकार की पोस्ट डाला जाना भी इसी ओर इशारा कर रहा है। हालांकि यह पुलिस जांच में ही पता चल पाएगा कि आखिर आरोपी ने पुलिस को धमकी भरी पोस्ट क्यों डाली। 

पहले भी पुलिस में दर्ज हैं 3 मामले
एस.एच.ओ. ने बताया कि फेसबुक पर पुलिस को धमकी देने वाले आरोपी अनुज शर्मा पर पहले भी पुलिस थाना में 3 मामले दर्ज हैं। जिसमें आबकारी अधिनियम व एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामले चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा डाली गई पोस्ट पर अब मामला दर्ज किया गया है। मामले की पुष्टि एस.पी. रोहित मालपानी ने की है।