मिठाई की दुकान में गैस सिलैंडर ब्लास्ट, 27 लोग घायल (Watch Video)

Wednesday, May 09, 2018 - 09:20 PM (IST)

ज्वाली: ज्वाली के खंड मुख्यालय नगरोटा सूरियां के बस अड्डा पर एक मिठाई की दुकान में गैस सिलैंडर ब्लास्ट हो गया, जिसमें 27 लोग झुलस गए। हादसे का पता चलते ही स्थानीय दुकानदार तथा लोग राहत कार्य में जुट गए तथा मरीजों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां ले जाया गया। इस दौरान अस्पताल में कोई भी डाक्टर मौके पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि अस्पताल में 3 डाक्टरों के स्थान पर मात्र एक ही डाक्टर कार्यरत हैं तथा वह भी एक सैमीनार में हिस्सा लेने शिमला गया है, जिस कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में डाक्टर न होने के कारण मरीजों को परिजन प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मैडीकल कालेज रैफर करवा कर ले गए।


हादसे के डेढ़ घंटे बाद भी नहीं पहुंची एम्बुलैंस
हादसे के लगभग डेढ़ घंटे बाद तक एक भी एम्बुलैंस उपलब्ध नहीं हुई जिस कारण ज्यादातर मरीजों को निजी वाहनों से टांडा ले जाया गया जबकि बाद में एक एम्बुलैंस ज्वाली तथा दूसरी एम्बुलैंस तकीपुर से आई और बाकी मरीजों को टांडा ले गई। इनमें 6 मरीज ज्यादा गंभीर हैं। मौके पर डी.एस.पी. ज्वाली मेघ राज, एस.एच.ओ. ज्वाली नीरज राणा व लियाकत अली के नेतृत्व में पुलिस बारीकी से छानबीन कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं नायब तहसीलदार बाल कृष्ण, तहसीलदार जोगिंदर पाल, काननूगो जोगिंदर आदि भी मौके पर उपस्थित रहे। डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज के प्राचार्य डा. भानु अवस्थी ने बताया कि घायलों में 5-6 की हालत गंभीर है।


टांडा पहुंचाए 22 घायल
नगरोटा सूरियां से 22 झुलसे हुए लोगों को डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा पहुंचाया जा चुका है। इस दौरान प्रशासन की ओर से डी.सी., ए.एस.पी. दिनेश कुमार, डी.एस.पी. कांगड़ा पूर्ण ठाकुर, एस.डी.एम. कांगड़ा शशिपाल नेगी आदि कई जिलास्तर के अधिकारी टांडा पहुंचे हुए थे। वहीं नगरोटा विधानसभा के विधायक अरुण मेहरा ने दूरभाष पर बताया कि वह हैदाराबाद में हैं और मुख्यमंत्री ने सभी रोगियों का नि:शुल्क इलाज करने के आदेश प्रशासन को जारी कर दिए हैं।


ये लोग हुए घायल
घायलों में रिंकू (24)पुत्र सुरेंद्र कुमार गांव अमलेला, मदन लाल (42) पुत्र चैन सिंह वनतुगली, फौजा राम (54) पुत्र राम सिंह खव्बल, देस राज (60) पुत्र रोशन लाल बासा, दीवान चंद (54) पुत्र चूहा राम गलुआ, रंजना देवी (35) पुत्री महिंदर सिंह बरियाल, अवतार सिंह (55) पुत्र केसर सिंह बिलासपुर, गुलशन कुमार (19) पुत्र ओमप्रकाश कथोली, हिमांशु (18) पुत्र सुशील कुमार नगरोटा सूरियां, कैंथो राम (70) पुत्र जगत राम नगरोटा सूरियां, ओमप्रकाश (52) पुत्र तुलसी राम बासा, सुलक्षणा देवी (37) पत्नी नरदेव सिंह भियाल बरियाल, जोराना कुमारी (37) पत्नी ओंकार अमलेला, राधा देवी (36) पत्नी अशोक कुमार अमलेला, कमलेश कुमारी (51) पत्नी अवतार सिंह बिलासपुर, देस राज (43) पुत्र निक्कू राम वनतुगली, राहुल मेहरा (18) पुत्र जीवन मेहरा जरोट, सचिन भारती (15) पुत्र वावू राम जरोट, इंद्र पाल (42) पुत्र मिल्खी राम नंदपुर भटोली, नीलम कुमारी (38) पत्नी राजीव कुमार लुदरेट, अंजना देवी (53) पत्नी सतदेव शर्मा सुकनाड़ा, अंशुल शर्मा (26) पुत्र सतदेव शर्मा सुकनाड़ा, कृष्ण कुमार (45) पुत्र ईश्वर लाल कटोरा, निशू कुमार (32), महिंदर सिंह बासा (54), नितिश धीमान (23) पुत्र सुभाष चंद्र कथोली शामिल है।

Vijay