रसोईघर में फटा गैस सिलैंडर, 2 लाख का नुक्सान

Monday, Jun 12, 2017 - 02:09 AM (IST)

भोरंज: उपमंडल के कस्बे भोरंज उपरला में एक गैस सिलैंडर के फटने से दहशत फैल गई। गैस सिलैंडर के फटने से किसी को जान की हानि नहीं पहुंची है लेकिन गैस सिलैंडर के फटने से रसोईघर की छत व दीवारें पूरी तरह से जर्जर हो गई हैं। पीड़ित अशोक कुमार पुत्र बलि राम निवासी भोरंज उपरला नजदीक लघु सचिवालय ने बताया की वह करीब 8 बजे मकान के साथ बनाए गए रसोईघर में जैसे ही खाना बनाने के लिए गैस जलाने लगा कि अचानक गैस सिलैंडर ने आग पकड़ ली। आग देख कर उन्होंने शोर मचाया, वह परिवार के सभी सदस्यों सहित दूर भाग गए और कुछ ही पलों में रसोईघर में रखा सिलैंडर फट गया और उनके रसोईघर का सारा समान व छत जोर के धमाके मे उड़ गई। 



आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
गैस सिलैंडर के फटने की आवाज करीब आधा किलोमीटर की दूरी तक लोगों ने सुनी और मौके पर आ पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस थाना भोरंज व फायर ब्रिगेड हमीरपुर को दी जिसके बाद भोरंज पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। अशोक कुमार के अनुसार हादसे मे उनका करीब 2 लाख का नुक्सान हुआ है। भोरंज थाना के एस.एच.ओ. सी.आर. चौधरी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।