गैस एजैंसी का मालिक बना हैवान, महिला से जबरन किया गंदा काम

Wednesday, Aug 22, 2018 - 06:00 PM (IST)

शिमला: राजधानी के न्यू शिमला में एक महिला के साथ एक गैस एजैंसी के मालिक द्वारा दुराचार करने का मामला सामने आया है। 38 वर्षीय पीड़ित महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसके साथ गैस एजैंसी के संचालक ने जबरदस्ती दुराचार किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गैस एजैंसी के मालिक 45 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और बीते 20 साल से वह शिमला में रह रहा है। वहीं पीड़िता सिरमौर की रहने वाली बताई जा रही है लेकिन शादी के बाद पति से अलग रह रही थी, जिसके चलते आरोपी ने महिला के साथ अवैध संबंध बनाए। यह महिला काफी समय से शिमला में रहती है।

पैसे का लेन-देन बताया जा रहा मुख्य कारण
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दुराचार का मुख्य कारण पैसे का लेन-देन भी बताया जा रहा है। पीड़िता ने जब महिला थाने में शिकायत दी तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रात के समय ही उसके घर से धर दबोचा। पुलिस की आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में फिलहाल अपना मुंह नहीं खोला है। पुलिस ने महिला थाना न्यू शिमला के तहत आरोपी के खिलाफ आई.पी.सी. की धाराओं 376 और 354 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को पुलिस जल्द ही कोर्ट में पेश करेगी।

आरोपी की मैडीकल रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने आरोपी का मैडीकल करवाया है। फिलहाल मैडीकल रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि महिला के साथ दुराचार हुआ है या नहीं। वहीं पुलिस महिला का भी मैडीकल करवा चुकी है।

क्या कहते हैं डी.एस.पी. शिमला
डी.एस.पी. शिमला प्रमोद शुक्ला ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर थाना न्यू शिमला के तहत दुराचार का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  आरोपी एक गैस एजैंसी का मालिक है। आरोपी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका जल्द ही पता लगाया जाएगा। आरोपी को शीघ्र ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Vijay