ब्यास में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

Monday, Jun 11, 2018 - 09:22 PM (IST)

गरली/रक्कड़ : गरली के निकटवर्ती गांव चम्बापत्तन पुल के नीचे ब्यास खड्ड में सोमवार देर सायं 22 वर्षीय नौजवान युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी का माहौल पैदा हो गया है। जानकारी के अनुसार चम्बापत्तन सड़क से गुजर रहे किसी राहगीर की निगाह करीब 300 फुट पुल के नीचे खड्ड में पड़ी तो वहां पानी के किनारे किसी युवक की लाश को देखते ही उसने इस घटना की सूचना तुरंत रक्कड़ पुलिस को दी। डी.एस.पी. लालमन शर्मा के नेतृत्व में पहुंची रक्कड़ पुलिस ने तमाम तफ्तीश करने के पश्चात मृतक की पहचान गौरव सिंह पुत्र मस्तान सिंह निवासी सरड बम्मी के रूप में की है। कहा जा रहा है कि मृतक गौरव पिछले कई वर्षों से लगातार निकटवर्ती गांव मसोट में अपने मामा के घर रह रहा था।


सुबह निकला था सैर करने
पुलिस के अनुसार मृतक गौरव सुबह अपने मामा के घर से सैर के निकला था, लेकिन वह वापस घर नहीं पहुंचा। जिस हालत में गौरव सिंह का शव चम्बापत्तन पुल के नीचे पड़ा था, इससे यह प्रतीत होता है कि किसी ने उसे मौत के घाट उतार कर यहा फैंका है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस की छानबीन के बाद ही चलेगा। इस बारे डी.एस.पी. देहरा लालमन शर्मा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेजा जा रहा है। मौत कैसे हुई है, इसके लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

Kuldeep