बागवानों की 100 करोड़ रुपए से ज्यादा पेमैंट फंसी, आढ़ती-लदानी हुए फुर्र

Tuesday, Oct 09, 2018 - 11:20 AM (IST)

शिमला (देवेंद्र हेटा): ई-ऑक्शन से उत्पादों की बिक्री तथा फल उत्पादकों को ऑनलाइन पेमैंट देकर पारदर्शिता के दावों की पोल खुल गई है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में चल रही मंडियों से 22 लदानी फरार हो गए हैं। अब इनका कोई अता-पता नहीं लग रहा। इसी तरह बागवानों की पेमैंट न देने वाले कुछ आढ़ती भी भूमिगत हो गए हैं। हालांकि अभी 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की पेमैंट आढ़तियों ने बागवानों को देनी है लेकिन सोलन और शिमला ए.पी.एम.सी. को मिली शिकायत के अनुसार 5 करोड़ 46 लाख रुपए का चूना लगाने वाले लदानी फरार तथा आढ़ती भूमिगत हो गए हैं। शिमला ए.पी.एम.सी. सभी फरार लदानियोंके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करवाने जा रही है। 

शिमला और सोलन की मार्कीट कमेटी को पैसा हड़पने की कुल 102 शिकायतें मिली हैं। शिमला में 86 शिकायतों के अनुसार 2,20,53,787 रुपए की पेमैंट लदानी व आढ़तियों ने उत्पादकों को देनी है जबकि सोलन में 19 शिकायतों के मुताबिक 3.26 करोड़ रुपए की पेमैंट पैंडिंग बताई जा रही है। सोलन ए.पी.एम.सी. ने सोलन मंडी के आढ़ती का लाइसैंस रद्द तथा 9 के लाइसैंस रिन्यू नहीं किए। वहीं शिमला ए.पी.एम.सी. भी पेमैंट नहीं दे रहे सभी आढ़तियों के लाइसैंस रद्द करने की चेतावनी दे चुकी है। 

सोलन ए.पी.एम.सी. को मिले अवार्ड पर उठने लगे सवाल
साल 2016 में ए.पी.एम.सी. सोलन को ऑनलाइन मार्कीटिंग के लिए देशभर में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से नवाजा गया था। ऐसे में सवाल उठता है कि ई-नेम प्रोजैक्ट के तहत ई-ऑक्शन और ऑनलाइन पेमैंट क्या कागजों में ही हो रही है। ए.पी.एम.सी. सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि सोलन व परवाणु मंडी में 3.26 करोड़ रुपए की पेमैंट पैंडिंग है जबकि कमेटी के प्रयासों से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की पेमैंट बागवानों को दिला दी गई है।

कहां से कितने लदानी हुए फरार
ए.पी.एम.सी. शिमला के मुताबिक पराला मंडी से सबसे ज्यादा 7 लदानी फरार हुए हैं। इसी तरह ढली मंडी से 2, ठियोग से 6, चौपाल से 1 तथा नारकंडा से 4 लदानी भागे हैं। लदानियों के पास आढ़तियों की ज्यादा पेमैंट बताई जा रही है। ऐसे में लदानियों के फरार हो जाने के बाद आढ़ती भी फंसकर रह गए हैं।
 

Ekta