भाजपा ने हिमाचल में शुरू किया गांव चलो अभियान, हमीरपुर में कार्यशाला आयोजित

Monday, Jan 29, 2024 - 10:27 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटों को जीतने की रणनीति बनाते हुए गांव चलो अभियान शुरू किया है। इस अभियान की कार्यशाला सोमवार को हमीरपुर में की गई। कार्यशाला में प्रदेश से 400 से अधिक कार्यकर्त्ताओं ने हिस्सा लिया, जिसमें सभी मंडल अध्यक्ष, सभी मंडल विस्तारक तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। गांव चलो अभियान के अंतर्गत हर बूथ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्त्ता विस्तारक के रूप में गांव में जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा शुरू की गई योजनाओं की जानकारी देंगे तथा लाभार्थियों से वार्ता की जाएगी। इस अभियान को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नेतृत्व में चलाया जाएगा। कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल तथा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्त्ताओं का मार्गदर्शन किया। 

संगठन महामंत्री ने कार्यकर्त्ताओं से किया ये आह्वान
राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल में भी भाजपा लोकसभा की सभी सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत करेगी। संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्त्ताओं को गांव चलो अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष  संजीव देष्टा, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष अजय शर्मा, परिवेश शर्मा, चमन डढवाल, मोर्चा के महामंत्री संजीव ठाकुर व अखिलेश कपूर, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल काकू, मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, प्रवक्ता संजय चौहान, भाजपा हमीरपुर मंडल के अध्यक्ष आदर्श कांत व जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विकास शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।  

जनता मांगेगी कांग्रेस से हिसाब : बिंदल
पत्रकारों से बातचीत में डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा से नहीं बल्कि कांग्रेस सरकार व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं के महीने के 1500 रुपए के हिसाब से 4 हजार करोड़ रुपए कांग्रेस सरकार को देने काे हैं, इसका जवाब महिलाएं मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार से मांगेंगी, जब ये लोग लोकसभा चुनावों के समय वोट मांगने आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए भाजपा पर ठीकरा फोड़ने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार और विधायक आपसी झगड़े में उलझे हुए हैं और कांग्रेस की आपसी लड़ाई में हिमाचल की जनता पिस रही है। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay