देवभूमि में नाबालिग लड़की को अगवा कर गैंगरेप, 6 आरोपी गिरफ्तार

Thursday, Aug 23, 2018 - 07:43 PM (IST)

नाहन: देवभूमि हिमाचल में एक बार फिर शर्मसार करती दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिला सिरमौर के गरीब परिवार की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ 16 से 21 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर कई युवकों द्वारा दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, पीड़िता को गाड़ी में रातभर भी रखा गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक युवक नाबालिग है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए अधिकतर युवक पीड़िता के जानकार ही हैं।

16 अगस्त को मेला देखने गई थी नाबालिग लड़की
डी.एस.पी. हैडक्वार्टर बबीता राणा ने बताया कि 16 अगस्त को पीड़िता मेला देखने के लिए गई थी। इस दौरान उसे उसका एक परिचित मिला जो उसे ददाहू ले गया। इसके बाद वहां एक होटल में उसके साथ आरोपी द्वारा दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी उसे अन्य दोस्तों के साथ 16 से 21 अगस्त तक ददाहू, दीद पनार, जलाल पुल, नाहन व कालाअंब ले गया, जहां सभी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा रातभर गाड़ी में रखकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने पिता से मिलकर सुनाई आपबीती
इसके बाद पीड़िता कालाअंब में अपने पिता से मिली और आपबीती सुनाई। इसके बाद महिला पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ  शिकायत दर्ज करवाई गई। डी.एस.पी. ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने 5 आरोपियों विक्रम, देबू, प्रदीप, अशोक व नरेश सहित एक नाबालिग युवक को गिरफ्तार कर लिया।

क्या कहते हैं एस.पी. सिरमौर
एस.पी. सिरमौर रोहित मालपानी ने बताया कि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Vijay