कुल्लू में नाबालिग लड़की व युवती से गैंगरेप, 3 सैलानी गिरफ्तार

Tuesday, Jun 26, 2018 - 09:20 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): कुल्लू-मनाली में गैंगरेप की वारदात से सनसनी फैल गई है। एक नाबालिग लड़की और एक युवती इस सनसनीखेज वारदात का शिकार हुई हैं। दोनों को लिफ्ट देने के बाद पंजाब से सैर-सपाटा करने आए सैलानियों ने शिकार बनाया। पुलिस ने वारदात में पंजाब के भठिंडा के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायालय से पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं। बुधवार को तीनों को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार जमा-2 कक्षा की 2 छात्राओं को सेऊबाग में पंजाब के पर्यटकों ने अपनी गाड़ी में लिफ्ट दी। इस गाड़ी में 3 युवक सवार थे। तीनों इन लड़कियों को मनाली ले गए और वहां पर इनके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मनाली से पंजाब निकल गए। लड़कियों द्वारा बताए गए गाड़ी नंबर के आधार पर पुलिस ने तीनों को ढूंढ निकाला और उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस कुल्लू ले आई।


कुल्लू के 2 अन्य युवकों ने भी उठाया फायदा
पंजाब के युवकों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद कुल्लू के 2 अन्य युवकों ने भी इन लड़कियों को मनाली में हवस का शिकार बनाया। कुल्लू के दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। ये दोनों लड़कियां 17 जून को जब स्कूल से घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने पुलिस के पास इनके गायब होने की सूचना दी। उसके बाद दोनों लड़कियों को 20 जून को बरामद कर लिया गया। जब परिजनों ने इनसे गायब होने के बारे में पूछा तो पता चला कि लड़कियां गैंगरेप का शिकार हुईं हैं। उसके बाद मामला महिला पुलिस थाना को सौंपा गया और पुलिस ने घटना को लेकर आरोपियों के खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 376, 376डी व पोक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर 24 जून को पंजाब में 3 आरोपियों को धर दबोचा।


जल्द गिरफ्तार होंगे फरार चल रहे 2 आरोपी
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चल रहे 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात की शिकार लड़कियों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने मनाली में होटलों में उनके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। इस वारदात को लेकर महिला पुलिस थाना में मामला दर्ज हुआ है।


क्या कहते हैं डी.जी.पी.
हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने बताया कि गैंगरेप की वारदात को लेकर मामला दर्ज हुआ है। पंजाब से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि कुल्लू के 2 आरोपियों की तलाश जारी है। फरार चल रहे दोनों आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vijay