बेटे का इलाज करवाने के बहाने महिला से गैंगरेप, तांत्रिक और चेला गिरफ्तार (Video)

Friday, Jul 19, 2019 - 11:23 AM (IST)

सोलन: अपने बीमार बेटे का इलाज करवाने तांत्रिक के पास गई महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला पेश आया है। बताया जा रहा है कि श्मशानघाट में पूजा करवाने की आड़ में तांत्रिक और उसके चेले ने महिला से दुष्कर्म कर डाला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर तांत्रिक और उसके चेले को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि महिला थाने में पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई कि बेटे के इलाज के बहाने तांत्रिक गुरु प्रकाश चंद (56) और चेले ज्ञान चंद (42) ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

सिरमौर जिला के नारग में किया दुष्कर्म

पीड़िता ने बताया कि बेटे का इलाज करवाने के लिए जब वह तांत्रिक के पास पहुंची तो उक्त तांत्रिक ने कहा कि श्मशानघाट में पूजा करनी होगी। उसने महिला को श्मशानघाट में पूजा करवाने के बहाने वहां रोक लिया। इसके बाद आरोपी तांत्रिक और उसका चेला उसे गाड़ी में बिठाकर सिरमौर जिला के उपमंडल नारग में पहुंच गए। यहां पर उन्होंने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उधर, ए.एस.पी. डॉ. शिवकुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उक्त तांत्रिक इसी प्रकार के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Vijay