Watch Video: भीषण अग्निकांड से 22 परिवार बेघर, सर्दी में अब कहां जाएं ?

Saturday, Dec 03, 2016 - 09:21 AM (IST)

कुल्लू: कुल्लू के गाहर गांव में शुक्रवार को दोपहर के समय लगी आग से 23 परिवारों के 92 लोग बेघर हो गए। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक के बाद एक मकान धू-धू कर जलते रहे। लोग चीखते-चिल्लाते रहे। आग की लपटों के आगे सभी बेबस नजर आए। आग से घर में रखे बर्तन, राशन व जेवरात सहित सारा सामान राख के ढेर में तबदील हो गया। आग की घटना शुक्रवार को गाहर गांव में घटित हुई। ग्रामीणों ने आग की लपटें उठती देखीं तो लोग आग बुझाने के लिए डट गए, वहीं आग की सूचना मिलते ही अग्रिशमन कर्मियों का दल अधिकारी मेहर सिंह के नेतृत्व में गाहर गांव पहुंच गया तथा आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया।


लकड़ी निर्मित मकान तथा सभी मकान एक के साथ एक जुड़े होने के कारण आग की लपटों को शांत करना मुश्किल हो गया। लम्बे समय तक ग्रामीणों व अग्रिशमन कर्मियों के प्रयासों के बाद किसी तरह आग की लपटों को शांत किया गया लेकिन आग में 9 मकान पूरी तरह से राख हो गए। आग के कारण 23 परिवारों के करीब 92 लोग बेघर हो गए। जिनमें बच्चे, बड़े, बूढ़े सभी शामिल हैं। एस.डी.एम. रोहित राठौर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई तथा उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को राशन, कम्बल व तिरपाल सहित अन्य सामग्री मुहैया करवाई गई। एस.डी.एम. राठौर ने कहा कि आग से करीब पौने 2 करोड़ रुपए की सम्पत्ति के नष्ट होने का अनुमान है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आग से किसी प्रकार के जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है।


जिला प्रशासन द्वारा हर बार आग की घटना के बाद प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की जाती है लेकिन नोटबंदी का असर इन प्रभावितों पर पूरी तरह से नजर आया। प्रशासन द्वारा अग्रिकांड से बेघर हुए करीब 23 परिवारों को फौरी राहत मुहैया करवाई जानी थी लेकिन दुर्भाग्य का विषय रहा कि नोटबंदी के कारण जिला प्रशासन के पास पैसों का अभाव रहा। डी.सी. युनूस ने बताया कि कुल्लू जिला की ग्राम पंचायत गाहर में शुक्रवार को हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों को 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्हें 2 महीने का राशन भी मुफ्त दिया जाएगा। इसके अलावा तिरपाल, बर्तन व अन्य आवश्यक सामान भी पीड़ितों को मुहैया करवाया जा रहा है। पशुओं के लिए चारे की भी व्यवस्था की जाएगी। डी.सी. ने बताया कि इस अग्निकांड में 9 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। जबकि एक अन्य मकान को आंशिक नुक्सान पहुंचा है। अग्निकांड से लगभग 92 लोग प्रभावित हुए हैं।