दर्दनाक हादसा : कार-बस की टक्कर में कार चालक के साथ हुआ कुछ ऐसा

Sunday, Mar 10, 2019 - 10:06 PM (IST)

गगरेट (बृज): मां चिंतपूर्णी के मंदिर से माथा टेक कर वापस घर जा रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की कार की गगरेट-होशियारपुर रोड पर हनुमान मंदिर के समीप विपरीत दिशा से आ रही बस से टक्कर हो गई। इस हादसे में कार चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि कार सवार 3 लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। गगरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार चालक की गर्दन भी इस घटना में कट गई। काफी मशक्कत के बाद कार चालक का शव कार से निकाला गया।

सायं करीब 5 बजे पेश आया हादसा

रविवार सायं करीब 5 बजे गगरेट की ओर से होशियारपुर जा रही कार जैसे ही हनुमान मंदिर के समीप पहुंची तो विपरीत दिशा से आ रही पी.आर.टी.सी. की बस के साथ आमने-सामने टक्कर हो गई। बस ज्वालाजी जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार चालक सीट व स्टेयरिंग के बीच फंस गया तथा उसकी मौत हो गई। उसकी गर्दन भी कट गई। कार चालक के शव को निकालने के लिए पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। चालक की पहचान विजय कुमार पुत्र सरदारी लाल निवासी बटाला (पंजाब) के रूप में हुई है जबकि कार सवार वीनू हांडा (55), तन्वी हांडा (25) व जगमोहन हांडा (60) सभी निवासी मोती बाजार बटाला गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें तत्काल 108 एम्बुलैंस की मदद से सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया गया। यहां पर डाक्टरों ने वीनू हांडा को मल्टीपल फ्रैक्चर होने की पुष्टि करते हुए उसकी हालत को चिंताजनक बताया। यहां पर डाक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया। थाना प्रभारी चैन सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।

 

Kuldeep