घर में दिन-दिहाड़े चोरी, सत्संग सुनने गए थे पारिवारिक सदस्य

Monday, Sep 03, 2018 - 07:42 PM (IST)

गगरेट: विकास खंड गगरेट के बड़ोह गांव में चोर दिन-दिहाड़े एक घर को निशाना बनाकर स्वर्ण आभूषण सहित नकदी उड़ाकर ले गए। जिस समय चोरी की यह घटना हुई, उस समय घर वाले सत्संग सुनने के लिए गए हुए थे। बताया जा रहा है कि ठीक उसी समय एक संदिग्ध घर के आसपास घूमता देखा गया। गगरेट पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चोर की तलाश आरंभ कर दी है। मामला रविवार सुबह का है। रविवार सुबह करीब 9 बजे बड़ोह गांव के राकेश कुमार पुत्र धनी राम अपने परिवार सहित सत्संग सुनने के लिए गए थे। इसी बीच घर को सुनसान पाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम देते हुए घर में रखे स्वर्ण आभूषण व करीब 3 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। करीब सवा 10 बजे जब वे वापस आए तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देखकर दंग रह गए। जब अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और स्वर्ण आभूषण व नकदी गायब थी।


पुलिस ने उक्त युवक का ठिकाना ढू्ंढ लिया है
घटना की सूचना मिलने पर एस.एच.ओ. ठाकुर चैन सिंह दलबल सहित घटना स्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि एक संदिग्ध पीड़ित के घर के समीप देखा गया था। पुलिस को शक है कि उसी व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने उक्त युवक का ठिकाना ढू्ंढ लिया है, लेकिन अभी वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। दिन-दिहाड़े हुई चोरी की इस वारदात के बाद लोग सहमे हुए हैं। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल ने बताया कि पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है। 

Kuldeep