चरस आरोपी रिमांड पर भेजे

Friday, Jun 15, 2018 - 10:07 PM (IST)

 गगरेट : स्थानीय कस्बे में चरस तस्करी के आरोप में गगरेट पुलिस द्वारा पकड़े गए 2 आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने उनका सोमवार तक पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि चरस की खेप कहां से लाई जाती थी और इसकी डिलीवरी कहां दी जानी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चरस माफिया के निशाने पर यहां स्थित उद्योगों में कार्यरत कामगार हैं, जिन्हें चरस की लत में फंसाकर चरस माफिया चौखा धंधा चमका रहा है। इससे पहले भी गगरेट पुलिस औद्योगिक क्षेत्र गगरेट स्थित उद्योगों में काम करने की आड़ में अवैध तरीके से चरस बेचने के आरोप में 2 युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी।

 

Kuldeep