बालिका हत्याकांड का आरोपी 4 दिन के रिमांड पर

Monday, Dec 25, 2023 - 07:52 PM (IST)

गगरेट (बृज): उपमंडल गगरेट के नंगल जरियालां गांव में प्रवासी बालिका के अपहरण के बाद की गई हत्या के मामले में गगरेट पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी को पुलिस ने सोमवार को ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अम्ब के समक्ष पेश कर उसका 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि इस हत्या में आरोपी के साथ क्या कोई और भी शामिल है।

जाहिर है कि पोस्टमार्टम के बाद मैडीकल बोर्ड ने बालिका से अनैतिक कार्य होने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाना चाहती है कि बालिका का अपहरण कर उसकी हत्या करने के पीछे असली मकसद क्या रहा? आखिर अपहरण के बाद बालिका को इतने दिन तक कहां रखा गया। पुलिस यह भी मानकर चल रही है कि जिस स्थान पर बालिका का शव मिला वहां उसकी हत्या नहीं की गई बल्कि हत्या करने के बाद उसका शव वहां फैंका गया था क्योंकि घटनास्थल पर कोई संघर्ष के साक्ष्य तक नहीं मिले हैं।

बेशक अभी तक आरोपी ने इस जघन्य अपराध को स्वीकार नहीं किया है लेकिन पुलिस के पास इतने साक्ष्य जरूर हैं जिससे यह साबित हो रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का ही हाथ है। एस.पी. अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि अपहरण के बाद हत्या के पीछे क्या मकसद था यह अभी क्लीयर नहीं हो पाया है। पुलिस ने अब 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस रिमांड के दौरान संदिग्ध से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि हत्या के पीछे का मकसद व इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे इसका पता लगाया जा सके।

Content Writer

Kuldeep