अमित शाह की चम्बा रैली को BJP ने झोंकी पूरी ताकत, नेताओं ने चौगान में जमाया डेरा

Thursday, May 09, 2019 - 10:38 PM (IST)

चम्बा (विनोद): ऐतिहासिक चम्बा चौगान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। 12 मई को आयोजित होने वाली इस विशाल चुनावी रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रैली में किसी प्रकार की कोई कमी न रह जाए, इस बात को सुनिश्चित बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव से लेकर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष, पार्टी प्रचारक व विधायक इन दिनों ऐतिहासिक चम्बा चौगान में ही डेरा जमाए हुए हैं।

राष्ट्रीय स्तरीय चुनावी रैली का हिस्सा बनने जा रहा चम्बा

यह पहला मौका है कि कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र का हिस्सा जिला चम्बा किसी बड़ी राष्ट्रीय स्तरीय चुनावी रैली का हिस्सा बनने जा रहा है। भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति के तहत इस बार के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय स्तरीय चुनावी रैली को कांगड़ा में आयोजित करने की बजाय इस संदर्भ में जिला चम्बा को तवज्जो दी है। भाजपा नेताओं की मानें तो राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को सुनने के लिए कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के दायरे में आने वाले 17 विधानसभा क्षेत्रों से 25,000 लोग अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।

रैली को सफल बनाने के लिए नुक्कड़ सभाओं का आयोजन

कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रभारी डॉ. राजीव भारद्वाज की मानें तो यह रैली जिला चम्बा के राजनीतिक इतिहास में दर्ज होगी क्योंकि आज तक किसी भी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ऐतिहासिक चम्बा चौगान से अपना संबोधन नहीं किया है। भाजपा इस रैली को सफल बनाने के लिए जहां जिला चम्बा के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायक को अथवा भाजपा नेताओं की अगुवाई में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर रही है तो साथ ही भाजपा के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता को भी इस रैली के सफल आयोजन में सहयोगी बनाने के लिए उनके साथ बैठकों के दौर को अंजाम दे रही है।

Vijay