ATM से पैसे निकालने गई महिला हुई ठगी का शिकार, शातिरों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 03:36 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के अम्ब इलाके में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो शातिर ठगों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए एक महिला का एटीएम कार्ड बदल लिया और चंद मिनटों के भीतर उसके खाते से 40 हजार रुपए उड़ा लिए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श नगर (अम्ब) की रहने वाली एक महिला अम्ब-ऊना रोड स्थित एक एटीएम में नकदी निकालने गई थी। इसी दौरान दो युवक भी बूथ के अंदर आ गए और अपनी बारी का इंतजार करने का नाटक करने लगे। जब महिला मशीन से पैसे निकाल रही थी, तब पीछे खड़े आरोपियों ने बड़ी चालाकी से उसका गुप्त पिन नंबर देख लिया। इसके बाद उन्होंने महिला को बातों में उलझाया और पलक झपकते ही उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। महिला को इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी।

कार्ड हाथ लगते ही दोनों शातिर वहां से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक अन्य बैंक के एटीएम में पहुंचे और खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। गनीमत यह रही कि बैंक की दैनिक निकासी सीमा खत्म हो गई, जिससे खाते में मौजूद बाकी की रकम सुरक्षित बच गई। पीड़िता के अनुसार जैसे ही उसके खाते से 10 हजार रुपए की पहली ट्रांजैक्शन हुई, उसके मोबाइल पर बैंक का अलर्ट मैसेज आ गया। मैसेज देखते ही उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ और वह बदहवास हालत में तुरंत बैंक की तरफ दौड़ी, लेकिन जब तक वह बैंक पहुंचती, तब तक दोनों आरोपी पूरी वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो चुके थे।

इस मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। एटीएम बूथ और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान की जा सके।इसके साथ ही डीएसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे एटीएम से पैसे निकालते समय पूरी सावधानी बरतें। बूथ के अंदर किसी अजनबी की मदद बिल्कुल न लें और अपना पिन नंबर दर्ज करते समय उसे पूरी तरह गोपनीय रखें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News