कांग्रेस बहुमत पर भारी पड़ी थी दोस्ती, इस बार राजनीति हुई हावी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 14, 2021 - 12:29 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज): प्रदेश की अहम नगर निगम धर्मशाला में महापौर व उपमहापौर के पदों को लेकर मंगलवार को हुए चुनाव में दोस्ती पर राजनीति हावी हो गई। पिछले चुनाव के परिणामों में कांग्रेस के बहुमत पर पार्षदों की आपसी मित्रता व शहर के विकास के नजरिए ने बहुमत से कोसों दूर भाजपा के पार्षद को निगम के दूसरे अहम पद पर आसीन करवा दिया था। लेकिन इस बार के चुनावों में पिछले वाक्या को भूलते हुए राजनीतिक गलियारे में चर्चाएं बटोरने वाले चेहरे ने पुरानी बातों को भूलते हुए मौजूदा समय के साथ चलना स्वीकार किया है। नगर निगम के मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव संपन्न होने के बाद शहर में चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया।
इतना ही नहीं कांग्रेस बहुमत वाली नगर निगम होने के बाद भी विपक्ष को अहम ओहदा देने के लिए महत्वपूर्ण रोल अदा करने वाले पार्षद को नजरअंदाज करना भी अहम मायने रखता है। इससे पार्षद के मन को भी पीड़ा पहुंची है। बता दें कि नगर निगम धर्मशाला बनने के बाद पहली बार हुए चुनाव के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहे थे। इसमें कांग्रेस समर्थित 14 पार्षद जीते थे तथा 3 भाजपा समर्थित पार्षद ही जीत पाए थे। बहुमत के साथ निगम की सत्ता में काबिज होने के बाद भी कांग्रेस पार्षदों ने डिप्टी मेयर के लिए भाजपा समर्थित पार्षद को चुनने को लेकर सहमति बनाई थी।
कांग्रेस के देवेंद्र जग्गी ने इसके लिए अहम रोल निभाते हुए ओंकार नैहरिया को उपमहापौर के पद तक पहुंचाया था। पिछले चुनाव के दौरान बहुमत न होने के बावजूद ओंकार नैहरिया को 9 मत प्राप्त हुए थे जबकि कांग्रेस समर्थित पार्षद 6 मत ही हासिल कर सके और 2 पार्षदों ने वाकआउट कर दिया था। लेकिन मंगलवार को हुए निगम की हॉट सीटों के चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदलने के साथ मित्रता भी कुर्सी के आगे नतमस्तक हो गई।
शहर के विकास को तरजीह देते हुए विपक्ष को भी लिया था साथ: जग्गी
नगर निगम धर्मशाला के पूर्व मेयर एवं वर्तमान पार्षद देवेंद्र जग्गी ने कहा कि पहली बार नगर निगम के गठन के बाद शहर के विकास को तरजीह देते हुए बहुमत के बावजूद भाजपा पार्षद को डिप्टी मेयर बनाया गया था। इस बार राजनीतिक समीकरण बदले हैं, जिसका परिणाम सामने है। निगम के विकास के लिए कांग्रेस पहले भी कार्य करती रही और अब भी पूरा सहयोग देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rajneesh Himalian

Recommended News

Related News