पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी से माइनस 10 डिग्री नीचे लुढ़का पारा, शीतलहर की चपेट में हिमाचल (PICS)

Friday, Dec 07, 2018 - 11:00 AM (IST)

मनाली (ब्यूरो): जनजातीय जिला लाहौल स्पिति की चंद्रा वैली सहित स्पीति घाटी में गुरुवार को सीजन का तीसरा हिमपात दर्ज किया गया। देर शाम तक चोटियों में रूक-रूक कर बर्फबारी का क्रम जारी था। जिससे जनजातीय जिला एक बार फिर प्रचंड ठंड की चपेट में आ गया है। तापमान माइनस से काफी नीचे लुढ़क जाने के कारण बहता पानी भी रूक गया है। पेयजल स्त्रोत जम गए हैं जबकि नदियां पगडंडियों में तबदील होने लगी है। चंद्रभागा स्पीति और पिन नदियों का पानी शीशा बनने लगा हैं। उधर तेज ठंड ने माने और डंखर झीलों को बर्फ में तबदील कर दिया हैं। राहत की खबर यह है कि अभी तक जिला के सड़क मार्ग गाड़ियों के लिए खुले हैं। 


उधर रोहतांग में बर्फबारी होने से लाहौल घाटी का कुल्लू-मनाली से संपर्क कट गया है। पर्यटन स्थल गुलाबा में बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी झूम उठे। एस.डी.एम. केलांग अमर नेगी ने बताया कि बर्फबारी को देखते हुए रोहतांग दर्रा सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राहगीरों को भी मौसम साफ होने के बाद ही जाने की अनुमति रहेगी। अगर बर्फबारी अधिक हुई तो दर्रा सर्दियों के लिए बंद हो जाएगा।


दूसरी ओर कांगड़ा में धौलाधार की पहाड़ियों पर भी ताजा हिमपात व पालमपुर के साथ लगते इलाकों में कुछ देर की बूंदाबांदी से ठिठुरन बढ़ गई है। रोहतांग और लाहौल घाटी में हल्की बर्फबारी के साथ पर्यटन नगरी मनाली में भी वीरवार को बर्फ के फाहे गिरे। रोहतांग दर्रा समेत जनजातीय इलाके लाहौल में तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे तक लुढ़क गया है। प्रशासन ने वीरवार को रोहतांग दर्रा वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा। तापमान में गिरावट से कुल्लू के ब्यास कुंड, दशहर और भृगु झील जम गई हैं।
 

Ekta