11.876 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार पुजारी के बैंक खाते फ्रीज

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2020 - 09:20 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): चरस तस्करी के मामले में न्यायिक हिरासत में चल रहे पुजारी भेवा राम की फाइनांशियल इंवैस्टीगेशन में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने पुजारी के बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया है। बैंक खातों में 8,08,035 रुपए की राशि को भी फ्रीज करके जब्त कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगामी छानबीन जारी रखे हुए। आरोपी की फाइनांशियल इंवैस्टीगेशन में खुलासा हुआ है कि उसके बैंक खातों में दूसरे प्रांतों से भी लाखों रुपए की ट्रांजैक्शन हुई है।

11 फरवरी को बंजार में पकड़ा था आरोपी

पुलिस ने बंजार इलाके में इस पुजारी को 11 फरवरी को 11.876 किलोग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया हुआ है। अब यह आरोपी न्यायिक हिरासत में चल रहा है। पुलिस के अनुसार 37 वर्षीय भेवाराम निवासी देवठा स्थानीय देवता के मंदिर में पुजारी का काम करता था। अभी यह ज्यूडीशियल कस्टडी में है। दर्ज मुकद्दमे में आरोपी की फाइनांशियल इंवैस्टीगेशन की गई, जिसमें पता चला कि आरोपी अपने परिवार के साथ रहता है। आरोपी के पिता की मृत्यु हो चुकी है। आरोपी के परिवार में कोई भी सदस्य सरकारी या प्राइवेट जॉब नहीं करता है।

आरोपी के बैंक अकाऊंट्स से 60 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन

इसके बावजूद आरोपी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नैशनल बैंक, कांगड़ा सैंट्रल को-ऑप्रेटिव बैंक इत्यादि बैंक अकाऊंट्स से करीब 60 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन की है। इनमें कई बड़ी ट्रांजैक्शन बाहरी राज्यों से आरोपी के अकाऊंट्स में प्राप्त हुई हैं। आरोपी के उपरोक्तबैंक अकाऊंट्स में 8 लाख रुपए से ज्यादा की राशि जमा पाई गई। यह राशि किसी भी प्रकार से आरोपी की आय के अनुरूप नहीं है। आरोपी के अकाऊंट में बची हुई राशि 8,08,035 रुपए को मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 68 के अंतर्गत फ्रीज कर दिया गया है।

6 तस्करों की एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

कुल्लू पुलिस द्वारा अभी तक मादक द्रव्य अधिनियम के 5 केसों में 6 आरोपियों की ड्रग्स के अवैध व्यापार से अर्जित लगभग 1.10 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त किया जा चुका है। अभी ऐसे अन्य मामलों में भी पुलिस फाइनांशियल इंवैस्टीगेशन कर सकती है। पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से नशे के गोरखधंधे से जुड़े लोगों के होश फाख्ता हो गए हैं।

क्या बोले एसपी कुल्लू

एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी पुजारी भेवा राम की फाइनांशियल इंवैस्टीगेशन के दौरान 8 लाख रुपए से अधिक राशि को फ्रीज करवा दिया गया है। आरोपी के खाते में 60 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन हुई है और बाहरी प्रांतों से भी ट्रांजैक्शन के साक्ष्य मिले हैं। यह राशि आरोपी की आय से मेल नहीं खा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News