श्री विजय चोपड़ा जी के जन्मदिन पर ऊना अस्पताल में बांटा नि:शुल्क भोजन

Sunday, Jan 31, 2021 - 07:44 PM (IST)

ऊना (सरोज): पंजाब केसरी ग्रुप के प्रधान संपादक श्री विजय चोपड़ा जी के जन्मदिन पर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में लंगर का आयोजन किया गया। यह लंगर हिमोत्कर्ष संस्था व गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के सहयोग से लगाया गया जिसमें पंजाब केसरी की ऊना टीम ने भी सहयोग किया। इस अवसर पर प्रैस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, सरोज मोदगिल, रमा कंवर, विशाल स्याल, विनोद कुमार, मुनिंद्र अरोड़ा, चंद्रमोहन व जिला भाजपा महामंत्री राज कुमार पठानिया सहित अन्य उपस्थित रहे।

इस मौके पर प्रैस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि श्री विजय चोपड़ा जी ने जहां लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया को नई ताकत ऊर्जा देकर प्रखर बनाया है, वहीं प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता को मजबूत किया है। श्री विजय चोपड़ा जी के नेतृत्व में समाचार पत्र समूह ने सामाजिक सरोकार को बखूबी निभाया है। विभिन्न प्रदेशों व देश को आपदा के समय मदद दी है, वहीं जम्मू-कश्मीर के आतंकवादी प्रभावित परिवारों को लगातार मदद देने का क्रम शहीद परिवार फंड के माध्यम से किया जा रहा है। श्री विजय चोपड़ा जी ने उत्तर भारत में अनेक सामाजिक संगठनों में सेवा भाव की नई ऊर्जा भरी है। वे अनेक सामाजिक कार्य के प्रेरणा स्रोत हैं। ऊना में हिमोत्कर्ष संस्था के माध्यम से जिला का एकमात्र महिला कॉलेज लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष महाविद्यालय का गठन उनकी प्रेरणा से हुआ, जिसका अब सरकारीकरण हुआ है।

गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष अश्वनी जैतिक, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता व महासचिव राजीव भनोट ने कहा कि श्री विजय चोपड़ा जी के जन्मदिन पर लंगर लगाने की प्रेरणा डॉ. राजिंद्र शर्मा ने अमरीका से दी और इसमें हिमोत्कर्ष संस्था व पंजाब केसरी की ऊना टीम ने सहयोग किया। उन्होंने कहा कि परमपिता परमात्मा से श्री विजय चोपड़ा जी की लम्बी आयु व कुशल स्वास्थ्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि वे लगातार समाज का मार्गदर्शन सेवा के कार्य करते रहें ताकि जरूरतमंदों की मदद हो सके। हिमोत्कर्ष के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र कंवर, राणा शमशेर सिंह व डॉ. रविंद्र सूद ने कहा कि श्री विजय चोपड़ा ने सदैव अच्छे कार्य के लिए प्रेरित किया है और संस्था को नियमित रूप से उनका सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को राशन वितरण का कार्यक्रम उन्हीं की प्रेरणा से ऊना में शुरू किया गया है।

Vijay