मलेशिया में नौकरी दिलवाने के नाम पर युवक से 2.70 लाख की धोखाधड़ी

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2020 - 11:10 PM (IST)

बिलासपुर (ब्यूरो): मलेशिया में नौकरी दिलवाने के नाम पर एक युवक के साथ धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। लगभग 2.70 लाख रुपए गंवाने के बाद युवक ने पुलिस में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर बरमाणा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बरमाणा क्षेत्र निवासी रामपाल के अनुसार उसने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की है। उसकी सुंदरनगर निवासी एक व्यक्ति के साथ जान-पहचान थी।

अप्रैल, 2018 में सुंदरनगर निवासी उक्त व्यक्ति ने खुद को मलेशिया का अधिकृत वीजा एजैंट बताते हुए उसे वहां प्रतिमाह 50 हजार रुपए की नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर विश्वास कर उसने उसे एडवांस राशि दी। उसके बाद वह उक्त व्यक्ति व 2 अन्य लोगों के साथ मलेशिया गया लेकिन वहां एयरपोर्ट पर जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उसके पास वर्क वीजा की बजाय टूरिस्ट वीजा था। 3 दिन पुलिस कस्टडी में रखने के बाद उसे वहीं से भारत वापस भेज दिया गया। उसके बाद उक्त व्यक्ति ने उसे आश्वस्त किया कि अगली बार वह उसे कानूनी रूप से मलेशिया ले जाकर नौकरी दिलाएगा। इस पर विश्वास करते हुए उसने पुलिस में शिकायत नहीं की।

शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में उक्त व्यक्ति ने उससे 1.80 लाख रुपए और लिए तथा 8 अप्रैल, 2019 को उसे एक अन्य व्यक्ति के साथ मलेशिया भेज दिया। वहां एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति ने उन्हें रिसीव किया। उसने खुद को एक कंपनी का ठेकेदार बताते हुए उन पर मजदूर के रूप में काम करने का दबाव डाला जबकि खुद को वीजा एजैंट बताने वाले व्यक्ति ने उसे अन्य कंपनी में उसकी शैक्षणिक व तकनीकी योग्यता के आधार पर नौकरी दिलाने की बात कही थी। उक्त ठेकेदार ने उसका पासपोर्ट अपने पास रख लिया था। वह उसे और दूसरे व्यक्ति को एक कमरे में ले गया, जहां 20 लोग पहले से थे। वहां उन्हें 4 दिन भूखा रखा गया।

उसने फिर से उसे मलेशिया भेजने वाले व्यक्ति से संपर्क किया। उसके कहने पर वे लोग वहां से भागकर एक गुरुद्वारा में पहुंचे। बाद में वह व्यक्ति भी मलेशिया पहुंचा। उसने 70 हजार रुपए और मांगे। परिवार के सदस्यों ने उसे पैसे भेजे तब जाकर वह भारत वापस लौट पाया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने धोखा देकर उसे 2.70 लाख रुपए की चपत लगाई है। लिहाजा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। डीएसपी मुख्यालय संजय शर्मा ने बताया कि बरमाणा थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News