अनजान शख्स की मदद लेनी पड़ी महंगी, महिला के खाते से ऐसे निकले 85 हजार रुपए

Tuesday, Apr 30, 2019 - 07:12 PM (IST)

घुमारवीं: घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गांव बड़ौन डाकघर भपराल की रहने वाली एक महिला धोखाधड़ी का शिकार हुई है। घुमारवीं पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत आपराधिक मामला दर्ज करके अपनी तफ्तीश आगे बढ़ा दी है। शिकायतकर्ता बबीता गर्ग पुत्री रघुनाथ शर्मा ने इस मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। यह मामला 24 अप्रैल, 2019 है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा कि 24 अप्रैल को दोपहर डेढ़ बजे वह घुमारवीं मुख्य बाजार में स्थित ए.टी.एम. से पैसे निकालने के लिए गई हुई थी। यह ए.टी.एम. कार्ड उसकी मौसी हाकमी देवी का था और ए.टी.एम. से 5,000 रुपए निकालने थे।

ए.टी.एम. रूम में खड़े व्यक्ति ने मदद के बहाने बदला ए.टी.एम. कार्ड

ए.टी.एम. रूम में जाकर उसने नोटिस किया कि ए.टी.एम. की आगामी ऑप्शन के बटन के ऊपर फैवीक्विक लगी हुई थी, जिसके कारण ए.टी.एम. कार्ड ठीक से काम नहीं कर रहा था। 2-3 बार कोशिश करने पर जब पैसे नहीं निकले तो वह वहां से हटने लगी। इसी दौरान उसके पीछे एक अनजान व्यक्ति ने उसकी सहायता करने की बात कही। उस व्यक्ति ने उसका ए.टी.एम. कार्ड ए.टी.एम. मशीन में डाला और बाहर निकाल कर महिला को सौंप दिया और कहने लगा कि आप ए.टी.एम. ऑप्रेट कर लो। वह व्यक्ति थोड़ा किनारे खड़ा हो गया। महिला का आरोप है कि उसे इस बात का पता नहीं चला कि उसका ए.टी.एम. कार्ड बदला जा चुका था। महिला का कहना है कि वह इस धोखे में थी कि उसका कार्ड उसके हाथ में ही है। उसने अपना पिन एंटर किया और उसकी ट्रांजैक्शन हो गई और वह ए.टी.एम. से बाहर निकल गई।

अगली सुबह मोबाइल पर आने अलग-अलग मैसेज

अगली सुबह उसके मोबाइल नंबर पर अलग-अलग मैसेज आने लगे। इन मैसेज के आधार पर पता चला कि आरोपी ने कश्मीरी चंद ज्वैलर्स के यहां 49,168 रुपए की पेमैंट की। उसके बाद आरोपी ने गांधी चौक हमीरपुर के ए.टी.एम. से 15,000 रुपए निकाले। उसके उपरांत योल कैंट के डी.के.ए. से 20,000 रुपए निकाले। इस तरह लगभग 85,000 रुपए निकल जाने के उपरांत इन लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वह ज्वैलर्स के पास पहुंचे। वहां से उन्होंने सी.सी.टी.वी. फुटेज को प्राप्त किया। उसके बाद पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।

आरोपी ने ज्वैलर्स की दुकान से खरीदे गहने

जानकारी के अनुसार पुलिस तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मामले के कुछ तथ्य सामने आ गए। यह भी सूचना मिली है कि आरोपी ने ज्वैलर्स की दुकान से कुछ गहने भी खरीदे हैं। पुलिस सभी सबूतों को इकट्ठा करने में जुटी हुई है। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही इस मामले का पटाक्षेप करेगी।

Vijay