धोखाधड़ी का शिकार हुई महिला, खाते से ऐसे निकले डेढ़ लाख रुपए

Friday, Dec 27, 2019 - 11:02 PM (IST)

घुमारवीं (ब्यूरो): पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले गांव हवाण की रहने वाली एक महिला धोखाधड़ी का शिकार हुई है। पीड़िता रूमा देवी पत्नी जगदीश चंद ने धोखाधड़ी के मामले की शिकायत पुलिस थाना घुमारवीं में दर्ज करवाई है। घुमारवीं पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत आपराधिक मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में रूमा देवी ने बताया कि उसका खाता हवाण स्थित एक बैंक में है। जब वह बैंक शाखा से पैसे निकालने गई तो पैसे निकालने के उपरांत उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते में 28,315 रुपए ही शेष बचे हैं। तब महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला तुरंत बैंक पहुंची तथा सारी जानकारी बैंक अधिकारियों को दी। जब महिला के खाते की जांच की गई तो पाया कि खाते से डेढ़ लाख रुपए का लेन-देन हुआ है। महिला के खाते से राशि गायब होने का सिलसिला 25 अक्तूबर, 2019 को शुरू हुआ था, जिसके बाद अलग-अलग तिथियों पर पेटीएम, फ्लिपकार्ट व अन्य ऑनलाइन एप्स के माध्यम से करीब डेढ़ लाख रुपए का लेन-देन हुआ है।

महिला का कहना है कि वह ज्यादा पढ़ी लिखी नहीं है। इस लेन-देन के बारे में वह नहीं जानती है और न ही इसे समझ सकती है। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस बैंक शाखा में जाकर खाते की पड़ताल करेगी। यह भी जानने का प्रयास किया जाएगा कि किस अकाऊंट के माध्यम से उपरोक्त धनराशि ट्रांसफर की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

 

Vijay