हैकर को ATM Card की जानकारी दे बैठी महिला, हजारों का लग गया चूना

punjabkesari.in Tuesday, Aug 06, 2019 - 09:24 PM (IST)

घुमारवीं: पुलिस थाना भराड़ी के तहत रहने वाली एक महिला के खात से हैकर ने 60 हजार रुपए उड़ा लिए। इस मामले की शिकायत अनीता कुमारी निवासी मकरोटा, डाकघर हटवाड़, तहसील घुमारवीं ने पुलिस थाना भराड़ी में दर्ज करवाई है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने अपने ए.टी.एम. कार्ड के माध्यम से कुछ पैसे निकालने चाहे लेकिन लेकिन ए.टी.एम. मशीन से पैसे नहीं निकले और उसके मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आ गया। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत अपनी बैंक शाखा के मैनेजर से की। मैनेजर ने उसे बताया कि पैसे एक सप्ताह के भीतर उसके खाते में वापस आ जाएंगे। महिला इस आश्वासन के चलते अपने घर चली गई।

बैंक की कॉल समझकर दे दी सारी जानकारी

वहींं मंगलवार को महिला को एक फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बताया कि उसके पैसे अकाऊंट में ट्रांसफ र करने हैं। इसको लेकर उसने महिला से ए.टी.एम. कार्ड नंबर मांगा। महिला को लगा कि बैंक से कॉल आई होगी, जिस पर उसने हैकर को ए.टी.एम. कार्ड से संबंधित सारी जानकारी दे दी। जब महिला के मोबाइल पर एस.एम.एस. आया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पहले मैसेज में उसके खाते से 10 हजार तथा दूसरे मैसेज में 50 हजार रुपए निकल चुके थे। इस प्रकार उक्त हैकर ने महिला को 60 हजार रुपए की चपत लगा दी।

पुलिस ने दर्ज किया आपराधिक मामला

पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ  भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। जानकारों का मानना है कि हैकर ने महिला से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑनलाइन शॉपिंग की होगी। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है तथा तफ्तीश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News