ATM Card बदल कर व्यक्ति को लगाया चूना, खाते से निकाले 2 लाख

Sunday, Apr 28, 2019 - 04:16 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): शाहपुर पुलिस स्टेशन के तहत एक व्यक्ति के ए.टी.एम. कार्ड से 2 लाख रुपए निकल गए। थाना प्रभारी शाहपुर हेम राज ने बताया कि वर्तित कुमार निवासी हरियां तहसील ज्वाली ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 24 अप्रैल को बद्दी जाते समय उसने शाहपुर में एस.बी.आई. के ए.टी.एम. से पैसे निकालते समय वहां खड़े एक अज्ञात व्यक्ति की मदद ली। जब वह बद्दी में जाकर दोबारा 26 अप्रैल को पैसे निकालने लगा तो खाते में मात्र 100 रुपए बचे थे जबकि इससे पहले खाते में 2 लाख रुपए थे जोकि निकल चुके थे। उसने आशंका व्यक्त की है कि उसका ए.टी.एम. कार्ड उस समय बदला गया है।

सी.सी.टी.वी. कैमरों की मदद ले रही पुलिस

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अब सी.सी.टी.वी. कैमरों की मदद से उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है। कई बार लोगों को कहा जा चुका है कि वे किसी को अपना ए.टी.एम. कार्ड का पिन आदि न बताएं। ये हादसे तभी होते हैं जब कोई लापरवाही कर अपना कार्ड, पिन या ओ.टी.पी. आदि अज्ञात आदमी को दे देता है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

 

Vijay