पूर्व अधिशासी अभियंता से 80 लाख की ठगी, पुलिस के हत्थे चढ़े 4 आरोपी

Wednesday, Aug 29, 2018 - 11:05 PM (IST)

नूरपुर: नूरपुर थाना के तहत क्षेत्र में एक 80 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज हुआ है। पूर्व अधिशासी अभियंता भूपिंदर किशोर राम पाल की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ है। शिकायत के लगभग 4 दिन बाद ही पुलिस ने दिल्ली से 4 आरोपियों को दबोच कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार 4 सालों तक आरोपी शिकायतकर्ता को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठते रहे। आरोपियों ने पहले पूर्व अधिशासी अभियंता को टारगेट कर अपने जाल में फंसाया और उसके बाद ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। डी.एस.पी. साहिल अरोड़ा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पिछले 4 साल से पूर्व अधिशासी अभियंता को टारगेट बना कर ठग रहे थे।

कभी आयकर विभाग तो कभी दिल्ली पुलिस बताकर धमकाते थे आरोपी
आरोपी कभी अपने आप को आयकर विभाग, बीमा कम्पनी, आर.बी.आई. तथा दिल्ली पुलिस का बता कर शिकायतकर्ता को धमकाते थे और ऑनलाइन पैसे ऐंठते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अधिशासी अभियंता से 80 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की। डी.एस.पी. ने बताया कि कुछ दिन पहले पूर्व अधिशासी अभियंता ने थाने में ठगी की शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471, 120वीं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम सब निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व में दिल्ली भेजी।

आरोपियों की 100-150 शिकायतें दिल्ली पुलिस के पास
4 दिन बाद पुलिस टीम ने आरोपियों अभिषेक विरमानी, रोहित रॉय, ईशान व विवेक रॉय को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। डी.एस.पी. ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की 100-150 शिकायतें दिल्ली पुलिस के पास हैं। डी.एस.पी. ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बहुत शातिर हैं तथा इन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की है।

Vijay