Mumbai में दबोचा धोखाधड़ी मामले का उद्घोषित अपराधी

Friday, Jan 20, 2017 - 01:14 AM (IST)

चम्बा: फूड बाजार के नाम पर चम्बा में धोखाधड़ी करने के मामले में अदालत द्वारा उद्घोषित किए गए अपराधी को जिला पुलिस के पी.ओ. सैल ने मुंबई में धर दबोचा है। पुलिस के इस सैल ने उक्त अपराधी को वीरवार अदालत के समक्ष पेश किया, जहां उसे अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि उद्घोषित अपराधी नसीर अब्दुल शेख पुत्र शेख अब्दुल बड़े साहब निवासी गांव इंदौर मध्य प्रदेश के खिलाफ सुदेश शर्मा निवासी चम्बा ने वर्ष 2013 में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने 2011 में जिला मुख्यालय में मिन्नी ग्लोबल फूड बाजार नाम से कंपनी चलाई और सुदेश शर्मा से 16 लाख रुपए लिए लेकिन बदले में कुछ नहीं दिया।

लंबे समय से तलाश में थी पुलिस 
शिकायत के आधार पर नसीर के खिलाफ पुलिस थाना चम्बा में भारतीय दंड संहिता की धारा 418, 419 व 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस मामले का आरोपी जब अदालत के समक्ष पेश नहीं हुआ तो अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दिया, ऐसे में पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी लेकिन पुलिस को कोई सफलता हासिल नहीं हो रही थी। यही वजह रही कि विभाग ने बाद में इस मामले को अपने पी.ओ. सैल को सौंपा। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जिस उम्मीद के साथ पी.ओ. सैल को यह मामला सौंपा गया था उस पर यह सैल 17 जनवरी को पूरी तरह से खरा उतरा। 

मुंबई के चैंबुर से पकड़ा आरोपी
सैल के मुखिया मुख्य आरक्षी हमीद मोहम्मद, एच.एच.सी. चमन सिंह, आरक्षी रविंद्र व महिला आरक्षी रीना राय की कड़ी मशक्कत सफल रही और इस टीम ने मुंबई के चैंबुर से नसीर को पकडऩे में सफलता हासिल की। वीरवार को उसे चम्बा पहुंचा कर अदालत के समक्ष पेश किया जहां अदालत ने उसके खिलाफ अदालत की अवमानना के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश जारी किए, साथ ही पुलिस ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड के साथ 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश सुनाए। पुलिस ने अदालत के आदेश पर अदालत की अवमानना पर भारतीय दंड संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी पर दर्ज हैं कई मामले
ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि नसीर के खिलाफ प्रदेश के जिला ऊना व कांगड़ा के देहरा तो देश के मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र राज्य में भी धोखाधड़ी करने के मामले दर्ज हैं और वहां की पुलिस को भी इसकी तलाश है लेकिन यह उनकी पकड़ से बचने में कामयाब रहा है, ऐसे में जिला पुलिस के पी.ओ. सैल ने बेहतर कार्य किया है।