शिकार के दौरान साथी को गोली मारने के आरोप में 4 लोग गिरफ्तार

Thursday, Dec 21, 2023 - 12:41 AM (IST)

जाहू (राघव): हमीरपुर जिला के भोरंज उपमंडल की बडैहर पंचायत में सीर खड्ड के किनारे शिकारी की गोली लगने से हुई व्यक्ति की मौत मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को बलबीर सिंह (55) पुत्र मरचू राम निवासी बडैहर तहसील भोरंज अन्य 4 लोगों के साथ शिकार करने के लिए निकला था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही बडैहर में सीर खड्ड के किनारे जंगली सूअरों को मारने के लिए घेरा डाला गया तो इस दौरान बलबीर सिंह की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। 

भोरंज पुलिस ने जितेंद्र कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव बडैहर की शिकायत पर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिनेश कुमार पुत्र धनी राम निवासी गांव लगमन्वीं, मनोज कुमार पुत्र कश्मीर सिंह निवासी गांव हनोह, विपिन कुमार पुत्र रेलू राम निवासी गांव धमरोल व कपिल देव पुत्र बसंत सिंह निवासी गांव नगरोटा गाजियां शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि 3 आरोपियों के पास बंदूकें भी पाई गई हैं। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने मंडी से फोरैंसिक टीम बुलाई है। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर वहां पड़े खून के सैंपल भी लिए हैं। पुलिस ने गोली का शिकार हुए बलबीर सिंह के शव काे मेडिकल काॅलेज हमीरपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इसके बारे में जाहू पुलिस चौकी के प्रभारी अजैब सिंह का कहना है कि पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay